Wednesday, July 1, 2026
Home Blog Page 62

हरियाणा के लाल नरेंद्र कुमार ने रचा नया इतिहास, माउंट अन्नपूर्णा पर फहराया तिरंगा

0

चंडीगढ़ । हरियाणा के हिसार जिले के मिंगनी खेड़ा गांव के निवासी पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने विश्व की सबसे खतरनाक चोटियों में से एक माउंट अन्नपूर्णा जिसकी ऊंचाई 8,091 मीटर है, पर तिरंगा झंडा फहरा कर हरियाणा का पहला पर्वतारोही बनने का गौरव हासिल करके एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने अपनी माउंटेनियरिंग की यात्रा 2019 में अटल बिहारी इंस्टीट्यूट, मनाली से बेसिक कोर्स से शुरू की थी, और इसे 2021 में हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग में एडवांस कोर्स से आगे बढ़ाया। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार के पिता, सुभाष चंद्र, जो एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर के पद से रिटायर हैं, ने हमेशा उनका समर्थन किया है। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने विश्व की सबसे खतरनाक चोटियों में से एक माउंट अन्नपूर्णा पर तिरंगा झंडा फहराने के साहसी अभियान की शुरुआत 25 मार्च 2025 को की थी और अपनी इस माउंटेनियरिंग को 7 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे तिरंगा फहराकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने अपने इस अभियान को 12 दिन में पूरा किया, जिसमें उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। अन्नपूर्णा पर्वत नेपाल में स्थित है और जो हिमालय पर्वत श्रेणी का हिस्सा है।

माउंट अन्नपूर्णा पर हर 1-2 घंटे में हिमस्खलन का खतरा बना रहता है, जो पर्वतारोहियों के लिए जानलेवा भी हो सकता है। साथ ही, माउंट अन्नपूर्णा पर अक्सर मौसम खराब होने के कारण चढ़ाई और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती है। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने इससे पहले पर्वतारोहण में कई राष्ट्रीय और विश्व स्तरीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनमें माउंट किलिमंजारो पर 5 दिनों में 2 बार चढ़ाई करके विश्व रिकॉर्ड बनाना शामिल है। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार हरियाणा के पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने माउंट ल्होत्से (8516 मीटर) पर चढ़ाई की है और 15 अगस्त 2021 को आजादी के 75वें अमृतमहोत्सव के उपलक्ष्य में माउंट युनम पर 151 फीट लंबा और 9 फीट चौड़ा भारत का राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार अपने कीमती समय में से समय निकाल कर बच्चों को माउंटेनियरिंग और एडवेंचर के प्रति प्रेरित करते हैं और बच्चों को केरियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार का अगला लक्ष्य विश्व की 14 सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराना है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पर्वतारोही नरेंद्र कुमार की इस उपलब्धि पर उन्हें ट्वीट करके बधाई देते हुए कहा कि, “नरेंद्र कुमार ने अन्नपूर्णा चोटी पर तिरंगा फहराकर देश को गौरवान्वित किया है। हरियाणा के इस लाल को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। आगे ऐसे ही सफलता की नई ऊंचाइयों पर चढ़ते रहें।

‘लुक्स प्रीवे’ ने की शुरुआत, सैलून की लग्जरीयस ब्यूटी सर्विसेज बालों और त्वचा की हेल्थ को बेहतर बनाएंगी

0

मोहाली (संवाद टाइम्स ) । लग्जरी और बेहद पसंद किया जाने वाला लग्जरी सैलून, लुक्स प्रीवे, मोहाली में शुरुआत कर रहा है। मोहाली में शानदार लोकेशन – एचएलपी गैलेरिया में लुक्स प्रीवे ने अपना शानदार नया आउटलेट लॉन्च किया है। दो फ्लोर पर करीब 3400 वर्ग फुट में फैले इस ख़ूबसूरत सैलून का औपचारिक रूप से मीडिया के लिए ‘सैलून-प्रिव्यू और इंटरेक्शन’ प्रोग्राम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में विशेष मेहमान और मीडियाकर्मी मौजूद रहे। हर किसी की लगातार खूबसूरत दिखने की इच्छा को पूरा करने के लिए सैलून में हेल्दीयर, अधिक से अधिक नैचुरल विकल्पों को उपलब्ध करवाया गया है। ग्राहकों को शानदार और लग्जरी अनुभव प्रदान करने के लिए कई नई और इनोवेटिव सर्विसेज को इस सैलून में पेश किया गया है। मीडिया के लिए ‘लुक्स प्रीवे’ के स्पेशल प्रिव्यू में, ‘लुक्स प्रीवे’ सैलून की क्रिएटिव डायरेक्टर और पैन-इंडिया ट्रेनर वैशाली त्यागी और ‘लुक्स प्रीवे’, मोहाली के बिजनेस डेवलपमेंट डायरेक्टर जस संधू ने एक एडवांस्ड, एलीवेटेड और कम्पलीट ब्यूटी एक्सपीरियंस को लेकर अपनी सोच और अप्रोच के बारे में बातचीत की। जस संधू, डायरेक्टर, बिजनेस डेवलपमेंट, ‘लुक्स प्रीवे’, मोहाली ने कहा कि “यह ट्राइसिटी के लिए गर्व की बात है क्योंकि यह आउटलेट रीजन का पहला ‘लुक्स प्रीवे’ है – जो लुक्स सैलून ग्रुप द्वारा पेश किया जाने वाला लग्जरी सैलून है। लुक्स ग्रुप के भारत और दुनिया भर में 160 से अधिक सैलून हैं।

वैशाली त्यागी, क्रिएटिव डायरेक्टर, ‘लुक्स प्रीवे’, मोहाली ने कहा कि “‘लुक्स प्रीवे’ एक ऐसी जगह है जहां आप मन की सुंदरता प्राप्त कर सकते हैं, जहां लग्जरी नेचर से मिलती है और हर बार यहां आना आपके खूबसूरत व्यक्तित्व का जश्न मनाने जैसा होता है। वैशाली ने आगे कहा कि “लुक्स प्रीवे’ में, ब्यूटी रिचुअल्स सिर्फ ट्रीटमेंट नहीं हैं, बल्कि सेंसेज को डिलाइट करने के मकसद से डिज़ाइन किए गए ट्रांसफॉर्मेटिव अनुभव हैं। इसके अतिरिक्त, ‘लुक्स प्रीवे’, नैचुरल ग्रीनरी, सॉफ्ट लाइटिंग और शांति के माहौल से भरा एक इनवाइटिंग स्पेस प्रदान करता है। वैशाली त्यागी ने कहा कि ग्राहक आज ऐसे कलर्स की तलाश करते हैं जो नेचुरल बालों के स्वास्थ्य को बढ़ाए न कि उससे समझौता करे। प्रीमियम उत्पादों द्वारा संचालित, ‘लुक्स प्रीवे’ में हेयर रिचुअल्स में बालों की रिपेयर, मजबूती और काफी गहराई से नरअशिंग देने पर ध्यान केंद्रित किया जाता है । सिग्नेचर हेयर और स्कैल्प ट्रीटमेंट का उद्देश्य बालों को जड़ से सिरे तक मजबूत बनाना है। ‘हेयर ग्लॉसिंग’ एक और यूनिक सर्विस है। वैशाली ने कहा, “इससे कई लाभ मिलते हैं – बालों में शाइन आती है, इनकी रिपेयर होती है और बालों को मजबूती भी मिलती है। स्किन के लिए, ‘लुक्स प्रीवे’ ने साइंटिफिक तौर पर तैयार किए गए ट्रीटमेंट पेश किए हैं जो दुनिया भर में अपनी स्वच्छ, रिजल्ट्स-संचालित स्किन केयर के लिए जाने जाते हैं। रीजुवेनेटिंग ‘ऑक्सीजन ग्लो फेशियल’ से लेकर ‘एक्सप्रेस रेडिएंस बूस्ट थेरेपी’ तक, हर सर्विस बिना किसी हार्श कैमिकल्स के स्किन की हेल्थ को बेहतर बनाती है। ‘लुक्स प्रीवे’ में फेशियल और रेस्टोरेटिव थेरेपी स्किन हेल्थ को एक नए स्तर पर ले जाती है।

लिवासा अस्पताल में डॉ. (प्रो.) राकेश सूदन का मुख्य कार्डियक सर्जरी प्रमुख के रूप में स्वागत

अमृतसर । लिवासा अस्पताल, अमृतसर ने “हृदय विज्ञान में प्रगति: डॉ. राकेश सूदन का स्वागत” विषय पर सफलतापूर्वक एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इस अवसर पर डॉ. (प्रो.) राकेश सूदन का लिवासा अस्पताल, अमृतसर में मुख्य कार्डियक सर्जरी प्रमुख के रूप में स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डॉ. सूदन की विशेषज्ञता, दिल की सेहत से जुड़े महत्वपूर्ण विचारों और लिवासा अस्पताल अमृतसर में हृदय रोग विज्ञान में हो रहे नवीनतम विकासों पर चर्चा हुई। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय मीडिया और प्रमुख स्वास्थ्य पेशेवरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो इस क्षेत्र में अगली पीढ़ी की चिकित्सा प्रगति में बढ़ती रुचि को दर्शाता है। डॉ. (प्रो.) राकेश सूदन एक अत्यंत सम्मानित कार्डियक सर्जन हैं, जिन्हें 34 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने अपनी एमबीबीएस और एमएस की पढ़ाई गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, जम्मू से तथा एमसीएच (सीटीवीएस) मद्रास मेडिकल यूनिवर्सिटी से पूरी की। डॉ. सूदन ने सीएमसी वेल्लोर और एनआईएमएस हैदराबाद जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में फैकल्टी के रूप में भी सेवाएं दी हैं। उन्होंने अब तक 10,000 से अधिक सीवीटीएस प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक संपन्न की हैं, और जटिल हृदय सर्जरी में विशेषज्ञता हासिल की है। डॉ. सूदन का उद्देश्य उन्नत हृदय देखभाल को किफायती दरों पर समाज के व्यापक वर्ग तक पहुँचाना है। लिवासा अस्पताल के निदेशक और सीईओ डॉ. पवन कुमार ने डॉ. सूदन का स्वागत करते हुए कहा कि भारत में हृदय रोग एक बड़ी चुनौती बना हुआ है और हम दुनिया के उन देशों में शामिल हैं जो इस स्वास्थ्य संकट से सबसे अधिक प्रभावित हैं। ऐसे में हमारे लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि हम अपने स्वास्थ्य देखभाल ढांचे को मजबूत करें और रोकथाम पर ध्यान केंद्रित करें। इसी दिशा में, हम डॉ. राकेश सूदन का अपनी टीम में स्वागत करते हुए अत्यंत गर्व महसूस कर रहे हैं। उनकी गहन विशेषज्ञता और असाधारण कौशल हमारे हृदय रोग देखभाल के स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। हमारा लक्ष्य उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं को क्षेत्र के हर नागरिक तक पहुँचाना है, और डॉ. सूदन के नेतृत्व में हम इस लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे। हम मिलकर हृदय स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवाचार करेंगे और नई मिसाल कायम करेंगे। डॉ. (प्रो.) राकेश सूदन, मुख्य कार्डियक सर्जरी प्रमुख, लिवासा अस्पताल अमृतसर ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि लिवासा अस्पताल अमृतसर में मुख्य कार्डियक सर्जरी प्रमुख के रूप में शामिल होकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मेरा संकल्प है कि मैं उच्चतम गुणवत्ता वाली सर्जिकल देखभाल प्रदान करूं और कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों को अपनाते हुए कार्य करूं। मैं विश्वास करता हूं कि हमारी समर्पित टीम और मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण के माध्यम से हम इस क्षेत्र में दिल की सेहत के परिणामों को बेहतर बना सकते हैं। हम मिलकर अपने मरीजों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।

खालसा कॉलेज में फेयरवेल पार्टी ‘रूकसत 2025’ का आयोजन

0

मोहाली । फेस-3ए स्थित खालसा कॉलेज (अमृतसर) ऑफ टेक्नोलॉजी एंड बिजनेस स्टडीज में ‘रूकसत 2025’ का आयोजन किया गया, जिसमें बी.कॉम, बी.कॉम ऑनर्स, बी.बी.ए., बी.सी.ए., बी.ए., पी.जी.डी.सी.ए., एमएससी आईटी, एमए सोशियोलॉजी, एमबीए, एम.कॉम के सीनियर विद्यार्थियों को कॉलेज के जूनियर विद्यार्थियों ने फेयरवेल पार्टी दी। कार्यक्रम में मिस्टर और मिस फेयरवेल, मिस्टर हैंडसम और मिस चार्मिंग प्रतियोगिता दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी। इसमें विद्यार्थियों ने खूबसूरत परिधानों में रैंप पर मनमोहक अंदाज़ में वॉक किया। इस दौरान जूनियर विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिनमें लोक गीत, वेस्टर्न गाने, डांस आदि प्रस्तुत किए गए, जिसने सभी का मन मोह लिया। मिस्टर और मिस फेयरवेल प्रतियोगिता में बीसीए छठे सेमेस्टर की अमनप्रीत कौर को मिस फेयरवेल और बीबीए छठे सेमेस्टर के अनमोल सिंह को मिस्टर फेयरवेल का खिताब प्राप्त हुआ। वहीं, बीसीए छठे सेमेस्टर के जपनाम सिंह को मिस्टर हैंडसम और बीए छठे सेमेस्टर की ममता रानी को मिस चार्मिंग का खिताब मिला। कार्यक्रम में कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. हरीश कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में कड़ी मेहनत करने वाले ही अपने लक्ष्य को प्राप्त करते हैं। डॉ. हरीश ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी और उन्हें समाज में एक जिम्मेदार नागरिक बनकर अपने माता-पिता, कॉलेज और प्रोफेसरों का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।

श्री ब्राह्मण सभा ने पर्यावरण सेवक प्रभु नाथ शाही को किया सम्मानित

0

चंडीगढ़। भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पर्यावरण सेवक प्रभुनाथ शाही को श्री ब्राह्मण सभा चंडीगढ़ की ओर से भगवान परशुराम भवन सेक्टर 37 चंडीगढ़ में सम्मानित किया गया। श्री ब्राह्मण सभा चंडीगढ़ के अध्यक्ष यशपाल तिवारी ने भगवान परशुराम के जीवन के महत्वपूर्ण संदेश पर प्रकाश डालते हुए सभी से उसे अपने जीवन में उतारने का आग्रह किया । उन्होंने बताया कि पर्यावरण सेवक प्रभुनाथ शाही का समर्पण एवं तत्परता के साथ पर्यावरण के प्रति कार्य अद्वितीय है। पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन के लिए उनके द्वारा किए जा रहे नवीनतम प्रयास अत्यंत सराहनीय है। शाही ने जय मधुसूदन जय श्रीकृष्ण फाउंडेशन के द्वारा ट्राइसिटी में ट्री एम्बुलेंस और पौधों के अस्पताल को पिछले वर्ष से संचालित किया है और यह पौधरोपण को शत प्रतिशत सफल बनाने में कारगर साबित हो रहे हैं।इस पुनीत कार्य में श्री ब्राह्मण सभा सदैव सहयोगी और सहभागी रहेगा। पर्यावरण सेवक प्रभुनाथ शाही ने भगवान परशुराम के पावन चरणों में कोटि कोटि नमन करते हुए श्री ब्राह्मण सभा चंडीगढ़ का धन्यवाद करते हुए अपने संबोधन में बताया कि उनका जीवन पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन के कार्यो के लिए समर्पित है। उनका मानना है कि हमारा पर्यावरण ही हमारा भगवान है और हमारा प्रत्येक काम धरती माता के नाम है। आज का यह सम्मान फाउंडेशन परिवार के सभी सम्मानित सदस्यों के सहयोग एवं समर्पण का सुखद फल है और यह सभी सदस्यों को समर्पित है। शाही ने पहलगाम के घटना की घोर निंदा करते हुए भगवान परशुराम के शास्त्र और शस्त्र रूपी महामंत्र को अपने जीवन में उतारने का आग्रह किया । उन्होंने बताया कि एक पूर्व वायु योद्धा और पर्यावरण प्रेमी होने के नाते इस अमानवीय घटना से बहुत आहत है तथा भारत सरकार से उचित कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री को पत्र भी लिख चुके है ।शाही ने बताया उनके साथ के पूर्व वायु योद्धा जरूरत पड़ने पर भारत माता की सेवा के लिए तैयार है।

पांचवां चंडीगढ़ म्यूज़िक एंड फिल्म फेस्टिवल हुआ संपन्न

0

सिनेमा से जुड़ी प्रतिभाओं का रहा शानदार उत्सव

चंडीगढ़ । पांचवां चंडीगढ़ म्यूज़िक एंड फिल्म फेस्टिवल विभिन्न फिल्म स्क्रीनिंग, संवाद सत्रों और अन्य कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। जानेमाने अभिनेताओं, फिल्म निर्माताओं और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कलाकारों ने इस आयोजन में अपने बहुमूल्य अनुभवों से युवाओं को प्रेरित किया। भारतीय फिल्म और संगीत उद्योग की जानी-मानी हस्तियों ने इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इनमें राहुल रावैल, निर्मल ऋषि, अली असगर, प्रीति सप्रू, इनामुल हक, मुश्ताक खान, दिव्येंदु भट्टाचार्य, मनीष वाधवा, अनंग देसाई, सुनीता धीर, रूपिंदर रूपी, करमजीत अनमोल, सुल्ताना नूरन, सीमा कौशल, मलकित रौनी, विजय पाटकर और अन्य कलाकार शामिल थे। इन दिग्गज हस्तियों द्वारा संचालित सत्र इस फेस्टिवल का प्रमुख आकर्षण थे। इन सत्रों के माध्यम से इन्होंने अभिनय की बारीकियों, भावनात्मक गहराइयों और फिल्म उद्योग के व्यावसायिक पक्षों के बारे में अपने अनुभव साझा किए। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के स्टूडेंट्स ने इन संवादों को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक पाया। फेस्टिवल निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि चंडीगढ़ म्यूज़िक एंड फिल्म फेस्टिवल कला की उत्कृष्टता और रचनात्मकता का एक अद्वितीय उत्सव रहा है। हम उन सभी कलाकारों, फिल्म निर्माताओं और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं जिनकी प्रतिबद्धता और सहभागिता ने इस आयोजन को सफल बनाया। हमें विश्वास है कि यहां प्राप्त ज्ञान और प्रेरणा उभरते कहानीकारों को उद्योग में सार्थक योगदान देने के लिए सक्षम बनाएंगे। हम भविष्य के संस्करणों में अपने युवा प्रतिभाओं की रचनात्मकता को देखने के लिए उत्साहित है । प्रसिद्ध सूफी गायिका सुल्ताना नूरां ने स्टूडेंट्स को संबोधित करते हुए कहा कि अपने सपनों को पूरा करो, लेकिन ईमानदारी के साथ। जो तुम्हारा दिल कहे, वही करो। बस उस रास्ते पर सच्चाई और समर्पण के साथ चलो और ऐसे बनो कि तुम्हारे माता-पिता को तुम पर गर्व हो। अपनी संस्कृति का ध्यान रखो और उसके साथ आगे बढ़ो। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. एसएस सहगल ने कहा कि हमें गर्व है कि हमने पांचवें चंडीगढ़ म्यूज़िक एंड फिल्म फेस्टिवल की मेज़बानी की। इस प्रकार के आयोजन छात्रों को उद्योग के दिग्गजों से सीधे जुड़ने का अवसर देते हैं और उन्हें प्रेरित और सशक्त बनाते हैं। ऐसे मंच रचनात्मकता को प्रज्वलित करते हैं और भावी कहानीकारों को सिनेमा और संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार करते हैं । 27 से 29 अप्रैल 2025 तक आयोजित इस संस्करण में स्वतंत्र और लघु फिल्मों की कुछ चुनिंदा फिल्मों को प्रदर्शित किया गया। यह फिल्में क्षेत्रीय फिल्म निर्माताओं की रचनात्मक दृष्टि और सोच को प्रस्तुत करती नजर आई। चंडीगढ़ म्यूज़िक एंड फिल्म फेस्टिवल न केवल सिनेमा का उत्सव था, बल्कि यह उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, समुदायों को जोड़ने और कहानी कहने के नए अंदाज़ को प्रेरित करने वाला एक सशक्त मंच भी साबित हुआ।

मुकट हॉस्पिटल एंड हार्ट इंस्टीट्यूट में अत्याधुनिक अज़्यूरियन कैथ लैब की शुरुआत

0

चंडीगढ़ । कार्डियक साइंसेज़ के क्षेत्र में एक अग्रणी और प्रतिष्ठित संस्थान मुकट हॉस्पिटल एंड हार्ट इंस्टीट्यूट, चंडीगढ़ ने एक बार फिर अत्याधुनिक तकनीक को अपनाते हुए फिलिप्स अज़्यूरियन कैथ लैब की शुरुआत की है। कैथ लैब भारत में गिनी-चुनी जगहों पर ही उपलब्ध है तथा यह तकनीक कॉरपोरेट हेल्थकेयर सेक्टर में चंडीगढ़ के लिए एक नई उपलब्धि है। नीदरलैंड की यह फिलिप्स अज़्यूरियन तकनीक इमेज-गाइडेड इंटरवेंशनल प्रक्रियाओं में सबसे कम विकिरण के साथ अत्यधिक सटीकता, सुरक्षा और दक्षता प्रदान करती है, जिससे हृदय, रक्त नलिकाओं और न्यूरोलॉजिकल संबंधी जटिल प्रक्रियाएं अधिक प्रभावी रूप से की जा सकती हैं। इस नई सुविधा का उद्घाटन अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. रवि इंदर सिंह ने वरिष्ठ डॉक्टरों, अस्पताल प्रशासन और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि फिलिप्स अज़्यूरियन कैथ लैब की स्थापना मुकट हॉस्पिटल एंड हार्ट इंस्टीट्यूट में चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए विश्वस्तरीय कार्डियक देखभाल को और नज़दीक लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा उद्देश्य सबसे उन्नत निदान और उपचार प्रक्रियाओं को अधिक सुरक्षित, सटीक और प्रभावशाली तरीके से प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि वे रोगी की देखभाल, तकनीक और चिकित्सीय नवाचार में उत्कृष्टता के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध हैं।

इस नई कैथ लैब में फ्लैट डिटेक्टर तकनीक, रियल टाइम इमेज प्रोसेसिंग, सहज यूजर इंटरफेस, तेज़ गति से स्थिति बदलने की क्षमता, मरीज के अनुभव को बेहतर बनाने वाला शांत सुपर कूल जनरेटर और एक्स-रे बीम फिल्टर्स के साथ डॉक्टरों, स्टाफ और मरीजों के लिए न्यूनतम विकिरण आदि कई अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, बेहतर इमेज क्वालिटी और मशीन के संचालन को सक्षम बनाने वाला उन्नत सॉफ़्टवेयर, रक्त नलिकाओं के बेहतर अवलोकन के लिए आईवीयूएस (इन्ट्रावैस्कुलर अल्ट्रासाउंड) तकनीक, और स्टेंट की स्पष्ट लाइव इमेजिंग के लिए स्टेंट बूस्ट टेक्नोलॉजी जैसी खूबियां भी शामिल हैं। विशेष रूप से, आईवीयूएस तकनीक के जरिए धमनी के अंदर की प्लाक और कोलेस्ट्रॉल जमाव की स्थिति देख कर भविष्य के जोखिमों का आकलन करना संभव हो गया है।

न्यू चंडीगढ़ में ‘स्प्लैश एन प्ले’ में उमड़ा 1500 से ज्यादा परिवारों का हुजूम

0

न्यू चंडीगढ़ । ओमैक्स ग्रुप ने अपने न्यू चंडीगढ़ टाउनशिप में दो दिवसीय खास वॉटर कार्निवाल ‘स्प्लैश एन प्ले’ का आयोजन किया, जिसमें 1500 से ज्यादा परिवारों ने हिस्सा लिया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में बच्चों से लेकर बड़ों तक ने पानी से जुड़े रोमांचक खेलों और रंगारंग गतिविधियों का भरपूर आनंद उठाया। जैसे ही कार्यक्रम की शुरुआत हुई, बच्चों की खिलखिलाहट और मस्ती से पूरा माहौल गूंज उठा। बड़े बच्चे वाटर ट्रैम्पोलिन से छलांग लगाते नजर आए, तो छोटे बच्चे किड्स स्प्लैश पूल में पानी की ठंडक का मजा लेते दिखे। वहीं सभी उम्र के लोगों ने फोम पार्टी में खूब मस्ती की। तैराकी के शौकीनों के लिए ‘ स्विमिंग’ पूल भी आकर्षण का केंद्र रहा। खास बच्चों के लिए फेस पेंटिंग का आयोजन किया गया, जहां उन्हें सुपरहीरो और जलपरियों का रूप दिया गया।

इसके अलावा, डार्ट-बॉल गेम और ‘पॉप स्टोरीज’ कॉर्नर में सुनाई गई पानी की दुनिया की कहानियों ने भी बच्चों और परिवारों का दिल जीत लिया। ओमैक्स लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, जतिन गोयल ने कहा कि 1500 से ज्यादा परिवारों को एक साथ हंसते-खेलते देखना इस बात का प्रमाण है कि ओमैक्स सिर्फ घर नहीं, बल्कि खुशहाल समुदाय बनाने में विश्वास करता है। ‘स्प्लैश एन प्ले’ इसी सोच का हिस्सा है। न्यू चंडीगढ़ में 1000 एकड़ में फैले हमारे टाउनशिप में आज 5000 से ज्यादा परिवार रह रहे हैं। आने वाले समय में भी हम ऐसे आयोजन करते रहेंगे जो पड़ोसियों के बीच रिश्ते मजबूत करें।

पब्लिक अगेंस्ट एडल्ट्रेशन वेलफेयर एसोसिएशन मिलावट के खिलाफ लोगों को करेगी जागरूक

चंडीगढ़ (संवाद टाइम्स ) । पब्लिक अगेंस्ट एडल्ट्रेशन वेलफेयर एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक जस्टिस ज़ोरा सिंह, महासचिव सुरजीत सिंह भटोआ ने चंडीगढ़ प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि खाने-पीने की चीजों में मिलावट एक खामोश महामारी है। खाने-पीने की चीजों में मिलावट से हर कोई प्रभावित होता है। अजन्मे शिशुओं से लेकर बुजुर्गों तक – चाहे उनकी स्थिति कुछ भी हो। फल, सब्जियां, दूध, दही, पनीर, मिठाइयां, शहद, चीनी, आटा, चाय, दालें आदि में संदूषण आम बात है। अस्पताल कैंसर सहित गंभीर बीमारियों के रोगियों से भरे पड़े हैं। इसके बावजूद, एफएसएसएआई (भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण) में कर्मचारियों की कमी है तथा संसाधन भी कम हैं, जिससे संकट का प्रभावी ढंग से समाधान करने में इसकी क्षमता सीमित हो गई है। जस्टिस ज़ोरा सिंह ने आगे कहा कि देश की आबादी का एक बड़ा हिस्सा किसी न किसी बीमारी से ग्रस्त है और बहुत से लोग इससे पीड़ित हैं। यहां तक ​​कि मिलावटखोर भी इन भयंकर बीमारियों से अछूते नहीं हैं, फिर भी वे मिलावट करना जारी रखते हैं। यहां तक ​​कि दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थ जैसे दूध, दही और पनीर भी नकली पाए जाते हैं। फलों आदि को पकाने के लिए जहरीले रसायनों का उपयोग किया जा रहा है तथा अनाज की पैदावार बढ़ाने के लिए जहरीले कीटनाशकों का छिड़काव किया जा रहा है। सुरजीत सिंह भटोआ ने कहा कि हमने पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है और पंजीकृत आंदोलन चलाया है। पंजाब में 12 जिला स्तरीय चुनाव हैं। चंडीगढ़ में एक और हरियाणा में दो इकाइयां क्षेत्रीय स्तर पर काम कर रही हैं।

हम कह सकते हैं कि सरकारी विभागों और एजेंसियों द्वारा इस मुद्दे को हर स्तर पर उठाने के कारण राज्य सरकारों ने छापेमारी बढ़ा दी है और नकली पनीर, दूध, तेल, देसी घी आदि बरामद हुए हैं। हम कानूनी सुधार और सख्त प्रवर्तन की मांग करते हैं। सुरजीत सिंह ने कहा कि मिलावट के मामलों की सुनवाई ट्रैक कोर्ट के माध्यम से होनी चाहिए। जस्टिस ज़ोरा सिंह ने कहा कि हमने प्रधानमंत्री से खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ एक राष्ट्रीय अभियान शुरू करने का अनुरोध किया है, जिससे इसके अधिक खतरनाक और दूरगामी परिणामों पर प्रकाश डाला जा सके। सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा गया है कि जब तक केंद्र और राज्य इसे राष्ट्रीय आपातकाल घोषित नहीं करते, तब तक केवल जन जागरूकता से कोई फायदा नहीं होगा। हम यह भी प्रस्ताव करते हैं कि प्रधानमंत्री को सभी एजेंसियों को संगठित करने के लिए इस मुद्दे को उठाना चाहिए।

जम्प रोप स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंडीगढ़ ने आयोजित की तीसरी स्टेट जम्प रोप चैंपियनशिप

ट्राईसिटी क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के लगभग 100 विद्यार्थियों ने चैंपियनशिप में उत्साहपूर्वक लिया भाग

चंडीगढ़ । जम्प रोप स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंडीगढ़ द्वारा सेक्टर,- 41 स्थित आँचल पब्लिक स्कूल में तीसरी स्टेट जम्प रोप चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में ट्राईसिटी क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के लगभग 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने शानदार कौशल का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में 50 बॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ चंडीगढ़ के प्रेजिडेंट कमल त्यागी ने विशेष रूप से शिरकत की और विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में एसोसिएशन की जनरल सेक्रेटरी बीमलप्रीत कौर, कैशियर गुरिंदर सिंह, तथा सदस्य प्रदीप डोगरा, आशीष, युवराज शर्मा समेत अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। चैंपियनशिप की जानकारी देते हुए एसोसिएशन की महासचिव बीमलप्रीत कौर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में सब जूनियर, जूनियर और सीनियर कैटेगरी के लड़कों और लड़कियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। उन्होंने आगे बताया कि विजेता खिलाड़ियों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया गया और एसोसिएशन भविष्य में इस प्रतियोगिता को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के विजेताओं का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। जम्प रोप स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंडीगढ़ सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, उनके प्रशिक्षकों, स्कूलों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का हृदय से धन्यवाद करती है, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफल हो सका। चैंपियनशिप में खिलाड़ियों को जज इंटरनेशनल ताइक्वांडो रेफरी गौरव सैनी ने किया। सब जूनियर गर्ल्स कैटेगरी में श्री गुरु गोबिंद सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर 35 की सीरत ने गोल्ड मेडल, स्मार्ट वंडर स्कूल, मोहाली की नियामतप्रीत कौर ने सिल्वर मेडल और द नॉलेज बस ग्लोबल स्कूल की रिधमन कौर अटवाल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। वहीं सब जूनियर बॉयज वर्ग में देव समाज स्कूल, सेक्टर 21 के अनुराग कुमार ने गोल्ड, केबी डीएवी स्कूल, सेक्टर 7 के मिहिर सिंह ने सिल्वर और नॉलेज बस ग्लोबल स्कूल के टमिन्दर सिंह अटवाल ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। जूनियर कैटेगरी में टेंडर हार्ट स्कूल के अथर्व त्यागी ने बॉयज वर्ग में गोल्ड मेडल, शिवालिक स्कूल के नैतिक कुमार ने सिल्वर मेडल और आंचल इंटरनेशनल स्कूल के आयुष ने ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया। गर्ल्स वर्ग में आंचल इंटरनेशनल स्कूल की स्मिथ ने गोल्ड, शिवालिक पब्लिक स्कूल की सुवरीन कौर ने सिल्वर और आंचल इंटरनेशनल स्कूल की अवनी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। सीनियर कैटेगरी में भागो माजरा कॉलेज के वीरेंद्र प्रताप ने बॉयज वर्ग में गोल्ड मेडल, मनीमाजरा के मोहम्मद इरशाद खान ने सिल्वर मेडल और आंचल इंटरनेशनल स्कूल के सूरज कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। सीनियर गर्ल्स कैटेगरी में भागो माजरा कॉलेज की तमन्ना ने गोल्ड मेडल, खालसा कॉलेज, सेक्टर 26 की खुशी ने सिल्वर मेडल और खालसा कॉलेज की मुस्कान ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।