रूपनगर (दयानंद/ शिवम) । एनसीसी अकादमी रूपनगर में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण कैंप-103 का शुभारंभ उत्साह के साथ हुआ। 30 सितंबर से 9 अक्टूबर तक चल रहे 10 दिवसीय कैंप में पंजाब के विभिन्न स्कूलों और शिक्षण संस्थानों से 375 एनसीसी कैडेट, 12 एसोसिएट एनसीसी अधिकारी और 3 केयरटेकर अधिकारी भाग ले रहे हैं। डीएवी स्कूल के 24 कैडेट भी कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। 1 पीबी एनसीसी नंगल के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन हरजीत सिंह देओल ने बताया कि कैंप के दौरान कैडेटों को ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण, मानचित्र अध्ययन, फायरिंग, हथियारों की प्रारंभिक जानकारी, नेतृत्व क्षमता तथा मैदानी प्रशिक्षण के साथ-साथ ड्रोन संचालन, नाव संचालन और रोइंग सिम्युलेटर का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, एकता, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मुख्य प्रशिक्षक विशाल जरियाल ने कैडेटों को पूरी लगन और उत्साह के साथ प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया। चीफ ऑफिसर प्रीतम दास ने बताया कि 10 दिवसीय प्रशिक्षण ए सर्टिफिकेट परीक्षा में बैठने के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कैडेटों को अलग-अलग गतिविधियों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनके व्यक्तित्व में निखार आ रहा है। कैंप के दौरान शाम के समय विभिन्न खेलों का अभ्यास भी करवाया जाता है।

