डीसी और एसएसपी ने दिखाई हरी झंडी, 1500 से अधिक धावकों ने लिया हिस्सा
चंडीगढ़। चंडीगढ़ मैराथन एंड वेलनेस 2026 में सुरिंदर गुलिया और स्वाति मित्तल ने हाफ मैराथन के पुरुष और महिला वर्ग के खिताब अपने नाम किए। सुरिंदर गुलिया ने एक घंटा 33 मिनट 34 सेकंड में दौड़ पूरी की, जबकि स्वाति मित्तल ने एक घंटा 52 मिनट 26 सेकंड का समय लेकर महिला वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। चंडीगढ़ लाइफ की ओर से रविवार को कैपिटल कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस मैराथन में 1500 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। मैराथन के दूसरे संस्करण में 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की टाइम्ड रन के अलावा छोटी दूरी की फन रन भी आयोजित की गईं।

‘रन फॉर ए सस्टेनेबल लाइफ एंड ड्रग-फ्री चंडीगढ़’ यानी टिकाऊ जीवनशैली और नशामुक्त चंडीगढ़ के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और पर्यावरण संरक्षण व नशामुक्त समाज का संदेश देना था। चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत यादव और एसएसपी कंवरदीप कौर ने कैपिटल कॉम्प्लेक्स से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। व्याना इलेक्ट्रिक द्वारा समर्थित इस आयोजन में डीसी निशांत यादव खुद 21 किलोमीटर दौड़े। हाफ मैराथन के पुरुष वर्ग में हिदायत उल्लाह ने एक घंटा 34 मिनट 16 सेकंड के समय के साथ दूसरा, जबकि के. हरिश ने एक घंटा 35 मिनट 29 सेकंड में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में आरसी धिंडसा 2 घंटे 9 मिनट 37 सेकंड के समय के साथ दूसरे और आरजे कौर 2 घंटे 11 मिनट 59 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। 10 किलोमीटर की दौड़ के पुरुष वर्ग में आयुष अमन ने 36 मिनट 41 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। आरव शर्मा 39 मिनट 36 सेकंड और बलजीत 39 मिनट 58 सेकंड के समय के साथ अगले प्रमुख स्थानों पर रहे। महिला वर्ग में निशा गर्ग ने 52 मिनट 36 सेकंड के समय के साथ खिताब जीता। वरेण्या अरोड़ा ने 52 मिनट 59 सेकंड और वृंदा ने 53 मिनट 31 सेकंड में दौड़ पूरी की। 5 किलोमीटर की दौड़ के पुरुष वर्ग में नवीन सिंह पंवार ने 17 मिनट 3 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। करण दास 18 मिनट 15 सेकंड के साथ दूसरे और उदय 18 मिनट 52 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में बसाना बनिक ने 20 मिनट 35 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। नव्या खंडेलवाल 29 मिनट 59 सेकंड के साथ दूसरे और अमनदीप कौर 30 मिनट 42 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। आयोजक राहुल गोयल ने कहा कि चंडीगढ़ मैराथन एंड वेलनेस का उद्देश्य हर वर्ग के लोगों को अपनी दिनचर्या में फिटनेस को शामिल करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के प्रयासों से चंडीगढ़ में दौड़ने की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और सामुदायिक भागीदारी के जरिए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकेगा।

