चंडीगढ़ । मधुमेह (डायबिटीज) सभी उम्र के लोगों को प्रभावित करता है और दुनियाभर में स्वास्थ्य के लिए एक बड़ी चिंता बन चुका है। मधुमेह और इससे जुड़ी जटिलताओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इस वर्ष के आयोजन की थीम ‘मधुमेह पर समय रहते कार्रवाई’ रखी है। इसका अर्थ है कि बीमारी की समय पर पहचान और डायग्नोसिस आज की सबसे बड़ी जरूरत है। डॉ. रवुल जिंदल, डायरेक्टर, वैस्कुलर सर्जरी, फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली ने कहा कि मधुमेह एक ऐसी बीमारी है, जिसमें खून में ग्लूकोज (शुगर) का स्तर बहुत अधिक हो जाता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि शरीर पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन नहीं बना पाता या उसका सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाता। खून से ग्लूकोज को कोशिकाओं तक पहुंचाने के लिए इंसुलिन जरूरी होता है। हालांकि, खून में ग्लूकोज का स्तर अधिक रहने से नसों, आंखों, किडनी और दिल को नुकसान पहुंच सकता है। डॉ. जिंदल ने बताया कि मधुमेह स्ट्रोक, हार्ट अटैक, किडनी फेल होने और पेरिफेरल वैस्कुलर डिजीज (पीवीडी) के प्रमुख कारणों में से एक है। यह बीमारी मुख्य रूप से उन लोगों को प्रभावित करती है, जिन्हें 10 साल से अधिक समय से मधुमेह है, जिनका शुगर लेवल नियंत्रित नहीं रहता और जिन्हें इसके साथ ब्लड प्रेशर की समस्या है या जो धूम्रपान करते हैं। मधुमेह नियंत्रित न होने पर डायबिटिक फुट, अंधापन, हाथ-पैर काटने की नौबत, दिल की बीमारी, किडनी फेल होने और यहां तक कि समय से पहले मृत्यु जैसी जटिलताएं हो सकती हैं। स्वस्थ वजन बनाए रखने पर जोर देते हुए डॉ. जिंदल ने कहा कि शारीरिक गतिविधियां मधुमेह होने का खतरा लगभग 60 प्रतिशत तक कम करने में मदद करती हैं और शरीर का वजन नियंत्रित रखती हैं। ऐसा संतुलित आहार लेना चाहिए, जिसमें मिनरल्स, कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट शामिल हों। चीनी, सैचुरेटेड फैट और प्रोसेस्ड मीट का सेवन कम करना चाहिए। तंबाकू से जुड़े उत्पादों का सेवन भी छोड़ देना चाहिए और तनाव को नियंत्रित रखना चाहिए। डॉ. जिंदल ने कहा कि खून में शुगर और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखना सुनिश्चित करें, क्योंकि यह ब्लड वैसल्स (रक्त वाहिकाओं) को और अधिक नुकसान से बचाने के लिए बेहद जरूरी है। धूम्रपान छोड़ना, नियमित शारीरिक गतिविधि करना और आदर्श वजन बनाए रखने जैसे लाइफस्टाइल में बदलाव भी बहुत महत्वपूर्ण हैं। मधुमेह के प्रकार के आधार पर दवाएं या इंसुलिन थेरेपी दी जाती है।

