पंचकूला। पुरुषोत्तम दास रूंगटा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा पंचकूला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में 229 वें अन्न भंडारे का आयोजन किया गया। सावन के पवित्र महीने में आयोजित इस भंडारे में श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन एवं जलपान वितरित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक एवं समाजसेवी अमिताभ रूंगटा ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना, सेवा, श्रद्धा और पुण्य कमाने का विशेष अवसर माना जाता है। इस पवित्र माह में अन्न भंडारा आयोजित करना केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का माध्यम भी है। अन्न का दान भारतीय संस्कृति में सदैव पुण्यकारी माना गया है। रूंगटा ने कहा कि सावन का पवित्र महीना समाप्त होने वाला है, ऐसे में सभी श्रद्धालुओं और समाज के सक्षम लोगों से अपील है कि सावन के शेष दिनों में भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार सेवा कार्यों से जुड़ें और अन्न भंडारे, भोजन वितरण तथा अन्य जनसेवा गतिविधियों में सहयोग करें।

