Tuesday, October 6, 2026
HomeNewsभारतीय नौसेना के प्रमुख एडमिरल स्वामीनाथन ने दिया अनुशासन का संदेश

भारतीय नौसेना के प्रमुख एडमिरल स्वामीनाथन ने दिया अनुशासन का संदेश

द लॉरेंस स्कूल, सनावर में फाउंडर्स डे का समापन

चंडीगढ़ । अनुशासित और दृढ़ रहें, जीवन में अपना लक्ष्य तय करें, हमेशा सही काम करें, चाहे वह कितना भी कठिन क्यों न हो, और जीवन के सफर में मिलने वाली मदद व सहयोग के लिए आभारी रहें।” भारतीय नौसेना के प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम ने सोमवार को द लॉरेंस स्कूल, सनावर के 179वें फाउंडर्स डे समारोह के समापन अवसर पर विद्यार्थियों को यह प्रेरक संदेश दिया। मुख्य अतिथि एडमिरल स्वामीनाथन ने विद्यार्थियों से सनावर की पहचान रहे ‘नेवर गिव इन’ (कभी हार न मानें) के जज्बे को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन का अर्थ आसान रास्ता चुनने के बजाय सही रास्ते पर चलना है। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि 10 वर्ष की उम्र में एक रेजिडेंशियल सैन्य स्कूल में प्रवेश लेने के बाद उन्हें समझ आया कि बोर्डिंग स्कूल की शिक्षा केवल कक्षाओं तक सीमित नहीं होती, बल्कि खेल, छात्रावास के जीवन और शिक्षकों व वरिष्ठ विद्यार्थियों के साथ संवाद से भी व्यक्तित्व का निर्माण होता है। उन्होंने पूर्व छात्र सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल, परमवीर चक्र, को भी श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने 1971 के बसंतर युद्ध में अदम्य साहस का परिचय दिया था।समारोह के दौरान स्कूल के ध्वज को सलामी देने की पारंपरिक ट्रूपिंग ऑफ द स्कूल कलर्स रस्म आयोजित की गई। इसके बाद 1956, 1961, 1966, 1971, 1976, 1996 और 2001 बैच के पूर्व विद्यार्थियों ने स्कूल बैंड की धुनों के साथ शानदार मार्च पास्ट किया। इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, नेपाल की रॉयल नेपाली सेना के पूर्व प्रमुख एवं ब्रिटेन में नेपाल के राजदूत जनरल गौरव एसजेबी राणा और प्रख्यात मानवाधिकार अधिवक्ता मजा दारूवाला को डिस्टिंग्विश्ड ओल्ड सनावरियन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

समारोह में स्कूल के हेडमास्टर रुचि प्रधान दत्ता, ओल्ड सनावरियंस सोसाइटी के अध्यक्ष ब्रिगेडियर आदर्श बुटेल (सेवानिवृत्त), प्रसिद्ध अभिनेत्री नीना गुप्ता सहित कई प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। तीन दिवसीय समारोह की शुरुआत पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच बास्केटबॉल व फुटसल मुकाबलों, पूर्व विद्यार्थियों के साथ संवाद और देश की सेवा में प्राण न्योछावर करने वाले पूर्व विद्यार्थियों को युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई थी। दूसरे दिन वार्षिक एथलेटिक मीट में करीब 700 विद्यार्थियों ने विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। इसके बाद नृत्य और टेक्नो-डांस प्रस्तुतियों से सजे भव्य लाइट एंड साउंड शो ‘टैटू’ ने दर्शकों का मन मोह लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments