Tuesday, June 30, 2026
Home Blog Page 78

विश्व जाट महासभा ने हरियाणा और पंजाब के प्रधान किए नियुक्त

0

बेरोजगारी दूर करने के लिए उचित कदम उठाए पंजाब सरकार : चौधरी वीरपाल सिंह जाट

चंडीगढ़ । पंजाब में फैली नशे की प्रवृति पर लगाम लगाने के लिए विश्व जाट महासभा पंजाब में नशामुक्ति कार्यशाला का आयोजन करेगी। ताकि पंजाब में युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा सके। यह बात विश्व जाट महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरपाल सिंह जाट ने कही। चौधरी वीरपाल सिंह जाट ने आगे कहा कि पंजाब सरकार को बेरोजगारी दूर करने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए। ताकि युवा इमीग्रेशन संचालकों के बहकावे में न आकर पंजाब में ही रोजगार कर सकें। उन्होंने भारत सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस तरह अमेरिका भारतीय नागरिकों को बेड़ियों में जकड़ कर भारत वापिस भेजा जा रहा है, यह एक निंदनीय कदम है। जिसकी केंद्र सरकार ने अभी तक कोई भी टिप्पणी नही की। भारत के युवा अवैध तरीके से अमेरिका गए, अगर इंडिया में ही उन्हें रोजगार मुहैया होता तो वह अमेरिका जाते ही क्यों। यह सरकार सिर्फ और सिर्फ धर्मिक उन्माद की तरफ विशेष रुचि ले रही है। इस सरकार को भारत में आपसी प्यार मोहब्बत, सौहार्दता से कुछ लेना देना नही। धर्म के नाम पर ओछी राजनीति की जा रही है। चौधरी वीरपाल सिंह जाट ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार किसानों की हितैषी नही है। आज तक केंद्र सरकार ने किसानों की मांगों के ऊपर गौर तक नही किया। जो वार्ता किसानों के साथ की जा रही है, वो दिखावा मात्र है। भगवंत मान की आप की सरकार पंजाब में काबिज है, उन्हें युवा वर्ग की तरफ विशेष ध्यान देना होगा। विश्व जाट महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरपाल सिंह जाट ने इस मौके पंजाब और हरियाणा के प्रदेश प्रधान भी नियुक्त किए। जिन्हें इस मौके उन्होंने नियुक्ति पत्र भी सौंपे। पंजाब प्रधान के लिए यहाँ दर्शन सिंह सरा और हरियाणा प्रधान पद के लिए बलजीत सिंह को नियुक्त किया गया। प्रधान नियुक्त किए जाने पर पंजाब प्रदेश के अध्यक्ष दर्शन सिंह और हरियाणा प्रदेश के अध्यक्ष बलजीत सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरपाल सिंह जाट का आभार व्यक्त किया और संगठन की मजबूती के लिए ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से काम करने का आश्वासन दिया।

ब्रह्माकुमारीज सेक्टर 44 ने हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव से मनाया महाशिवरात्रि पर्व

0

चंडीगढ़ (संवाद टाइम्स/ हेमंत शर्मा) । प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज की सेक्टर 44 शाखा द्वारा महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव से मनाया गया। ब्रह्मकुमारी कविता दीदी ने इस मौके उपस्थित सभी सदस्यों को भगवान शिव के अवतार, ज्योतिर्लिंग और उनके उपदेश के बारे में बताया। इस अवसर पर चंडीगढ़ व्यापार मंडल के वरिष्ठ लीडर अनिल वोहरा और एरिया पार्षद जसमनजीत सिंह भी मौजूद थे। ब्रह्मकुमारी कविता दीदी ने इस अवसर पर आध्यात्मिक उपदेश के साथ साथ सभी को मैडिटेशन का न केवल महत्व भी बताया, बल्कि मैडिटेशन का अभ्यास भी करवाया।

वहीं इस मौके नाटिका के माध्यम से आधुनिक भ्रांति एवं भम्र मिटाकर राजयोग का महत्व बताया। इसके साथ साथ कुछ अन्य बच्चों ने भजन गायन और नृत्य से भगवान शिव के स्वरुप पर प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिल्पी दीदी ने जीवन में सत्यता को अपनाकर शांतिमय हृदय और साक्षीभाव जगाकर क्षमा का महत्व बताया और सभी को मन में छोटी छोटी बातें भुला कर क्षमादान के लिए प्रेरित किया। समारोह के अंत मे मुख्य अतिथियों अनिल वोहरा, एरिया पार्षद जसमनजीत सिंह, एक्टर नवदीप, ब्रह्मकुमारी कविता दीदी और ब्रांच इंचार्ज शिल्पी दीदी सहित अन्य की उपस्थिति में ध्वजारोहण भी किया गया और जीवन को शांतिमय और प्रसन्नचित तरीके से जीने का संकल्प भी लिया गया। मुख्य अतिथि अनिल वोहरा ने कहा कि भगवान शिव शांतिप्रिय देवता हैं। हमें भी मन से नकारात्मक विचारों को दूर भगाते हुए अपने अंदर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना चाहिए। इस शिवरात्रि हमें व्रत, जप, तप के साथ-साथ मन की नकारात्मकता को निकालने की आवश्यकता है और सभी के साथ प्यार स्नेह के साथ चलने की आवश्यकता है।

शंकर स्कूल ऑफ म्यूजिक में दिखी बच्चों से लेकर बड़ों की प्रतिभा

0

चंडीगढ़ । सेक्टर 16 स्थित पंजाब कला भवन में शंकर स्कूल ऑफ म्यूजिक ने अपने वार्षिक समारोह का आयोजन किया जिसमें पूर्व चंडीगढ़ मेयर हरजिंदर कौर, फिल्म अभिनेता और निर्देशक नव बजवा, अभिनेता नमन बजवा और अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी सरगुन अरोड़ा जैसे प्रतिष्ठित अतिथि उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध सितार वादक पंडित हरविंदर शर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया जिन्होंने विभिन्न शैलियों में अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत पर्था सेन की टीम द्वारा शानदार सितार वादन से हुई, इसके बाद पंडित रवि शंकर की रचना पर आधारित ‘स्वागतम’ गीत प्रस्तुत किया गया। छात्रों ने बॉलीवुड और पंजाबी लोक गीतों का भी प्रदर्शन किया, जबकि गिटार वादकों ने पश्चिमी संगीत का भी आनंद दिया। अर्पिता सेन की छात्रों द्वारा प्रस्तुत भरतनाट्यम नृत्य ने भारतीय सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत के मधुर गायन से हुआ। पर्था सेन ने अतिथियों, प्रतिभागियों और अपनी समर्पित टीम का आभार व्यक्त किया। शंकर स्कूल ऑफ म्यूजिक सभी उम्र के छात्रों को संगीत और नृत्य शिक्षा प्रदान करता है और प्रयाग संगीत समिति के सहयोग से प्रमाणपत्र और डिग्रियां भी प्रदान करता है।

कैंसर पर जीत के लिए समय पर पहचान जरूरी : डॉ. राजन साहू

पंचकूला । पारस हेल्थ पंचकूला ने अपने कैंसर जागरूकता अभियान उम्मीद के सितारे के तहत एक विशेष कैंसर जागरूकता और स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में 200 से अधिक लोगों ने भाग लिया, जहां उन्हें मुफ्त परामर्श, मैमोग्राफी, रियायती पीएसए टेस्ट और अन्य जरूरी स्वास्थ्य जांचों की सुविधा दी गई। यह पहल कैंसर की शुरुआती पहचान और रोकथाम को बढ़ावा देने के लिए की गई, जिससे समय रहते मरीजों का इलाज संभव हो सके। इस कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर, श्री राकेश कुमार आर्य (आईपीएस) ने भी भाग लिया और स्वास्थ्य जागरूकता की जरूरत पर जोर दिया। शिविर में डॉ. राजन साहू (एसोसिएट डायरेक्टर, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी) और डॉ. चित्रेश अग्रवाल (सीनियर कंसल्टेंट, मेडिकल ऑन्कोलॉजी) ने कैंसर की जल्दी पहचान और बचाव के उपायों पर चर्चा की। भारत में कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में तेजी से फैल रहे हैं, जबकि धूम्रपान और तंबाकू सेवन के कारण पुरुषों और महिलाओं में ओरल व फेफड़ों के कैंसर के मामले भी बढ़ रहे हैं। अफसोस की बात यह है कि सामाजिक डर और जानकारी के अभाव में मरीज देर से डॉक्टर के पास पहुंचते हैं, जिससे इलाज कठिन हो जाता है। समय पर जांच और जागरूकता से ही इस खतरे को रोका जा सकता है। डॉ. राजन साहू ने कहा कि स्तन कैंसर की जल्दी पहचान के लिए स्वयं परीक्षण, नियमित मैमोग्राफी और समय पर इलाज जरूरी है। महिलाएं जागरूक होकर कैंसर की जांच को प्राथमिकता दें। डॉ. चित्रेश अग्रवाल ने कहा कि तंबाकू और धूम्रपान के कारण ओरल और फेफड़ों का कैंसर बढ़ रहा है। समय पर जांच से कैंसर का इलाज सरल हो सकता है। इस आयोजन की सबसे प्रेरणादायक झलक कैंसर से जंग जीत चुके मरीजों की कहानियां रहीं, जिन्होंने अपने संघर्ष और उम्मीद की यात्रा साझा की।

रूट्स कंट्री स्कूल पंचकूला ने धूमधाम से मनाया द्वितीय वार्षिकोत्सव 2025

0

पंचकूला । रूट्स कंट्री स्कूल ने अपने द्वितीय वार्षिकोत्सव “परंपरा और आश्चर्य की प्रतिध्वनियाँ” को भव्य और अनूठे अंदाज में मनाया। इस समारोह के मुख्य अतिथि परम विशिष्ट सेवा मेडल एवं अति विशिष्ट सेवा मेडल प्राप्त लेफ्टिनेंट जनरल कमलजीत सिंह (सेवानिवृत्त) और उनकी धर्मपत्नी अनीता सिंह रहीं। विद्यालय के निदेशक सुनील रोथा एवं कृति रोथा ने समारोह की अध्यक्षता की। विद्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था, जहां प्रिंसिपल सूजन भागरा व शिक्षकों ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने ए.आई. रोबोटिक्स लैब का उद्घाटन किया और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक संध्या का प्रारंभ हुआ।

प्राचार्या सूजन भागरा ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें पिछले वर्ष की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया और छात्रों को उत्कृष्ट संसाधन प्रदान करने का आश्वासन दिया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में आधुनिक शिक्षा में तकनीक के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रहीं, जिसमें छात्रों ने नृत्य, गीत, संगीत और नाट्य मंचन के माध्यम से दशावतारों की जीवंत झलक प्रस्तुत की। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों की मोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उपस्थितजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत, सभी के लिए प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। अंत में, प्रिंसिपल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर समारोह का विधिवत समापन हुआ।

मानव मंगल स्मार्ट स्कूल-88 का पहला वार्षिक समारोह आयोजित

0

रिदमिक्स में मानव मंगल स्मार्ट के स्टूडेंट्स ने मंच पर बिखेरी प्रतिभा

चंडीगढ़। मानव मंगल स्मार्ट स्कूल, सेक्टर-88 के पहले वार्षिक सांस्कृतिक समारोह ‘रिदमिक्स’ में एक तरफ जहां स्टूडेंट्स ने पिता के महत्व पर प्रस्तुति दी, वहीं दूसरी तरफ योग करने के लाभ को बताती प्रस्तुति दी। छात्र-छात्राओं ने अपनी हर प्रस्तुति में काबलियत का परिचय दिया और मंच पर धमाल मचाते हुए प्रतिभा को बिखेरा। उनकी हर सांस्कृतिक प्रस्तुति उनके पेरेंट्स को पसंद की गई तथा उन्होंने तालियां बजाकर उनका प्रोत्साहन किया । समारोह की शुरुआत स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट की प्रस्तुति से हुई जिसमें साल भर की उपलब्धियों के बारे में बताया गया। छात्रों ने कार्यक्रम की शुरुआत एक प्रार्थना के साथ की, जिसमें उन्होंने ईश्वर से मार्गदर्शन और शक्ति की मांग की। इस आकर्षक प्रस्तुति ‘अरदास’ के माध्यम से उन्होंने ईश्वर का धन्यवाद दिया। इसके बाद स्टूडेंट्स ने पिता के महत्व को बताती भावपूर्ण प्रस्तुति ‘डैड माय सुपर हीरो’ दी जिसमें उन्होंने नृत्य के माध्यम से अपने जीवन में पिता के महत्व के बारे में बताया। इसे देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं।

इस प्रस्तुति में उन्होंने बताया कि भगवान ने हमें कई रूपों में प्यार भेजा है; उनमें से एक है हमारे पिता। एक पिता सिर्फ़ पेरेंट नहीं होता, वह शक्ति का स्तंभ, ज्ञान का खजाना और बिना शर्त प्यार का स्रोत होता है। इसके बाद छात्रों ने सर्कस की दुनिया से दर्शकों को रूबरू करवाया और उन्हें गुदगुदाया और साथ ही यह संदेश भी दिया कि जीवन बहुत कीमती है। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने एक सुंदर नृत्य नाटिका ‘रामायण’ प्रस्तुत की। इस प्रस्तुति के बाद ऊर्जावान और शक्ति से भरी प्रस्तुति ‘द अनस्टॉपेबल्स’ में यह बताया कि डांस की भाषा सांस्कृतिक बाधाओं को पार करती है और शब्दों के उपयोग के बिना एकता की भावना प्रदान करते हुए संचार का एक तरीका प्रदान करती है। स्टूडेंट्स की ओर से योग करने का लाभ बताती प्रस्तुति सभी को पसंद आई। समारोह का मुख्य आकर्षण स्टूडेंट्स द्वारा पेश ‘रंग पंजाब दे’ रहा जिसने पंजाब की संस्कृति से दर्शकों को रूबरू करवाया और उन्हें थिरकने पर मजबूर कर दिया। मानव मंगल स्मार्ट स्कूल के गबरूओं और मुटियारों ने अपने जोरदार भांगड़ा मूव्स और जीवंत पंजाबी वेशभूषा, ऊर्जा और शान से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में छात्र-छात्राओं ने देश भक्ति के रस में डुबोती प्रस्तुति भी दी। इस प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने बताया कि हमें अपने देश को सफलता और विकास के सर्वोच्च शिखर पर ले जाना होगा। मानव मंगल ग्रुप ऑफ स्कूल्स के डॉयरेक्टर संजय सरदाना ने कहा कि इस उम्र में मंच पर प्रस्तुति से बच्चों का डर दूर हो जाता है तथा उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने इस प्रोग्राम के लिए स्टूडेंट्स और फैकल्टी की कड़ी मेहनत की सराहना भी की।

रोबोट ऐडेड सर्जरी के माध्यम से टॉन्सिल कैंसर मरीज महिला का सफलतापूर्वक किया गया इलाज

चंडीगढ़ । फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली के हेड और नेक ऑनको-सर्जरी विभाग ने हेड और नेक कैंसर (ईएनटी कैंसर) से पीड़ित कई मरीजों का सफलतापूर्वक इलाज किया है, जिससे उन्हें सामान्य और स्वस्थ जीवन जीने का अवसर मिला है। डॉ. कुलदीप ठाकुर, कंसल्टेंट, हेड और नेक ऑनको-सर्जरी, फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली, ने दुनिया के सबसे उन्नत चौथी पीढ़ी के रोबोट – दा विंची एक्सआई के माध्यम से ऐसे कैंसर प्रभावित मरीजों को नया जीवन दिया है। एक 79 वर्षीय महिला फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली में बाएं टॉन्सिल पर एक ठीक न होने वाली घाव के साथ आई, जो पास के तालू में फैल चुकी थी। लक्षण अधिक बिगड़ चुके थे, जिससे भोजन चबाने में कठिनाई हो रही थी। मरीज ने एक अन्य अस्पताल में बायोप्सी करवाई, जिसमें सलिवरी ग्लैंड ट्यूमर का पता चला और इसके लिए तत्काल सर्जरी की आवश्यकता थी। मरीज ने डॉ. ठाकुर से फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली में संपर्क किया, जहां मुंह और गले का एमआरआई जांच में स्टेज 3 टॉन्सिल ट्यूमर की पुष्टि हुई। तीन घंटे तक चली रोबोट ऐडेड सर्जरी के दौरान, डॉ. ठाकुर ने मुंह के माध्यम से ट्यूमर का व्यापक रेजेक्शन और गले से नोड्यूल्स को गले की डिसेक्शन द्वारा निकाला। मरीज की पोस्ट-ऑपरेटिव रिकवरी सुचारू रही और सर्जरी के तीन दिन बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई। अंतिम हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट में भी ट्यूमर की पूरी तरह से हटाने की पुष्टि हुई। मरीज अब पूरी तरह से ठीक हो चुकी है और आज सामान्य जीवन जी रही है। मामले पर चर्चा करते हुए डॉ. ठाकुर ने कहा कि यह मामला जटिल था क्योंकि इसमें टॉन्सिल और तालू शामिल थे, जो बोलने और निगलने के कार्यों के लिए महत्वपूर्ण हैं। चिकित्सा हस्तक्षेप में कोई भी देरी से ट्यूमर बढ़ सकता था, जिससे बोलने में समस्या होती और सांस लेने में कठिनाई हो सकती थी।

एसडी कॉलेज में वक्ताओं ने स्टूडेंट्स को मधुमक्खी पालन के बारे में किया जागरूक

0

चंडीगढ़। सेक्टर-32 स्थित गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म कॉलेज के जूलॉजी विभाग की ओर से सोमवार को पीएम- ऊषा योजना के तत्वावधान में ‘एपिकल्चर’ (मधुमक्खी पालन) विषय पर ट्रेनिंग कम वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम से कुल 50 छात्र लाभान्वित हुए। वर्कशॉप का उद्देश्य व्यावहारिक कौशल और अनुभव प्राप्त करना था, जिससे छात्र शहद के स्वास्थ्य लाभों और मानव जाति के लाभ तथा भविष्य के वैज्ञानिक संदर्भों के लिए मधुमक्खियों के पालन के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें। वर्कशॉप में रिसोर्स पर्सन के तौर पर मौजूद पंजाब यूनिवर्सिटी के जूलॉजी विभाग की प्रोफेसर डॉ. नीलिमा आर. कुमार ने स्टूडेंट्स को मधुमक्खी पालन के बारे में पूर्ण जानकारी दी। डॉ. नीलिमा ने मधुमक्खी पालन के विभिन्न दृष्टिकोणों को समझाया तथा विभिन्न मधुमक्खी उत्पादों के औषधीय मूल्यों का वर्णन किया। ग्लोबल एपिअरीज इंडिया के डॉयरेक्टर मदन लाल शर्मा अन्य रिसोर्स पर्सन के तौर पर मौजूद थे। उन्होंने मधुमक्खी पालन की प्रक्रिया के साथ-साथ हनी बी कॉलोनीज के निर्माण और व्यावसायिक स्तर पर शहद उत्पादन तथा आवश्यकताओं के बारे में बताया।

दोनों वक्ताओं ने विद्यार्थियों को कौशल के साथ-साथ उद्यमिता के लिए मधुमक्खी पालन के बारे में जागरूक किया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि किसी भी संस्थान को भविष्य में मधुमक्खी पालन अनुसंधान के लिए कौशल को बनाए रखने और सुधारने के लिए हमेशा प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, जिसकी बहुत गुंजाइश है। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अजय शर्मा ने लाइफ साइंसेज विषय में कौशल आधारित कार्यशाला के संदर्भ में विभिन्न गतिविधियों के संचालन के महत्व पर बल दिया, जो कि हाल के कौशल भारत मिशन में अत्यधिक आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए ऐसी वर्कशॉप समय की मांग हैं। वर्कशॉप का समापन जूलॉजी विभाग की प्रमुख डॉ. इंदु मेहता द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

एमराल्ड मार्शल आर्ट्स एकेडमी द्वारा दो दिवसीय 10वें जीटीए कप ताइक्वांडो चैम्पियनशिप आयोजित

0

चंडीगढ़ । एमराल्ड मार्शल आर्ट्स एकेडमी द्वारा आयोजित 10वें जीटीए कप ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैम्पियनशिप का समापन सफलतापूर्वक हुआ। चैम्पियनशिप के दूसरे और अंतिम दिन विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए, जिसमें खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल्स और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
चैम्पियनशिप के अंतिम दिन मुख्यातिथि के तौर पर खनौरी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स (केबीडी) के मैनेजिंग डायरेक्टर रमेश गोयल ने शिरकत की। इस दौरान उनके साथ 6 डैन ब्लैक बेल्ट मास्टर शिव राज घर्ति और 3 डैन ब्लैक बेल्ट कविता राय भी उपस्थित थी, जिन्होंने विजेता खिलाड़ियों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इसके अलावा, चैम्पियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीम को ओवरऑल ट्रॉफी से नवाजा गया। साथ ही, इस अवसर पर कोचेस, रेफरी, वालंटियर्स और इवेंट स्पॉन्सर खनौरी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स (केबीडी) को भी सम्मानित किया गया। चैंपियनशिप के आयोजक व एमराल्ड मार्शल आर्ट्स एकेडमी के डायरेक्टर मास्टर शिव राज घर्ति ने इस अवसर पर कहा कि इस चैम्पियनशिप में खिलाड़ियों ने अनुशासन, समर्पण और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। हमारा लक्ष्य है कि अधिक से अधिक युवा इस खेल से जुड़ें और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करें। चैंपियनशिप की आयोजक व एमराल्ड मार्शल आर्ट्स एकेडमी के डायरेक्टर तीसरी डैन ब्लैक बेल्ट कविता राय ने कहा कि ताइक्वांडो सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है। यह न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी खिलाड़ियों को मजबूत बनाता है। हमें गर्व है कि इस प्रतियोगिता ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक शानदार अवसर दिया।

सीआरबी पब्लिक स्कूल ने वार्षिक उत्सव अभिनंदन 2025 का भव्य आयोजन किया

0

चंडीगढ़ । सीआरबी पब्लिक स्कूल ने 9 फरवरी की सुबह टैगोर थिएटर, चंडीगढ़ में अपने वार्षिक उत्सव ‘अभिनंदन 2025’ का भव्य आयोजन किया। यह समारोह प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव था, जिसमें छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक नवीन मित्तल और प्रधानाचार्या संगीता मित्तल द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसके साथ मां सरस्वती की वंदना की गई। सुबह की शुरुआत तांडव वंदना से हुई, जिसमें शक्ति और भक्ति का अद्भुत समावेश देखने को मिला। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मासूम अदाओं और रंग-बिरंगी पोशाकों से दर्शकों का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दुर्गा नृत्य ने स्त्री शक्ति का भावपूर्ण प्रदर्शन किया, एक पौराणिक कथा को कहानी प्रस्तुति के रूप में जीवंत किया गया, और हरियाणवी नृत्य ने लोकसंस्कृति की उमंग से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। जापानी और हरियाणवी नृत्य का अनोखा संगम देखने को मिला, वहीं तारक मेहता का उल्टा चश्मा पर आधारित हास्य प्रस्तुति ने सबको हंसी से लोटपोट कर दिया। जोशीले फ्यूजन डांस ने दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया, वहीं श्रीकृष्ण की लीलाओं को दर्शाने वाली रासलीला ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का समापन जोशीले भांगड़ा से हुआ, जिसने पूरे सभागार को नाचने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के निदेशक नवीन मित्तल ने छात्रों, शिक्षकों, कोरियोग्राफरों और स्कूल स्टाफ के समर्पण और कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि अभिनंदन विद्यालय की प्रतिभा, संस्कृति और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियाँ आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और विद्यार्थियों को विद्यालय की प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।