चंडीगढ़ । पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार की आगे दौड़, पीछे छोड़ जैसी नीतियों ने पंजाब के सार्वजनिक संस्थानों को भारी आर्थिक संकट में धकेल दिया है। खन्ना ने कहा कि मुफ्त बस यात्रा, मुफ्त बिजली जैसी लोकलुभावनी घोषणाएं बिना किसी ठोस योजना और संसाधन के लागू की गईं, जिनका बोझ अब सरकारी खजाने और संस्थानों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब इन योजनाओं से किनारा करने के बहाने ढूंढ रही है।
उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़े खुद बता रहे हैं कि जितना खर्च मुफ्त बिजली और बस यात्रा पर हर महीने हो रहा है, उतनी राशि सरकार द्वारा समय पर जारी नहीं की जा रही। इसका खामियाजा कर्मचारी भुगत रहे हैं, जिन्हें महीनों तनख्वाह का इंतजार करना पड़ रहा है। पीआरटीसी और रोडवेज कर्मचारियों के बार-बार चक्का जाम और विरोध के बावजूद सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी है। खन्ना ने बताया कि आर्थिक संकट के कारण सरकारी बसों की समय पर मरम्मत नहीं हो पा रही है, जिससे वे या तो बीच रास्ते में खराब हो रही हैं या समय पर नहीं चल पा रहीं, जिससे विभाग को दोहरा नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने आम आदमी पार्टी को सत्ता में चुटकुले सुनाने नहीं, बल्कि समस्याओं के समाधान के लिए चुना था। लेकिन यह सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। खन्ना ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की कि समय रहते जनहित संस्थाओं को बचाने के लिए ठोस कदम उठाएं, वरना जनता इसे क्षमा नहीं करेगी।
पंजाब सरकार की गलत नीतियों से जर्जर हुए जनहित संस्थान: अरविंद खन्ना
PGGCG-11 चंडीगढ़ में “हर घर तिरंगा – हर घर पौधा” अभियान का शुभारंभ
चंडीगढ़। पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स, सेक्टर-11, चंडीगढ़ में जय मधुसूदन जय श्रीकृष्ण फाउंडेशन की ओर से “हर घर तिरंगा – हर घर पौधा” अभियान के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ रमा अरोड़ा के कुशल मार्गदर्शन और डॉ. सलिल शर्मा के विशेष सहयोग से किया गया, जिसमें फाउंडेशन के संस्थापक पर्यावरण सेवक प्रभु नाथ शाही, पूर्व फ्लाइट इंजीनियर (भारतीय वायुसेना) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस कार्यक्रम में एक सौ पचास छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के साथ मिलकर फाउंडेशन द्वारा विकसित भारत अभियान के तहत पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन के लिए छात्राओं को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत “हर घर तिरंगा – हर घर पौधा” अभियान के उद्घाटन से हुई। इस शुभ अवसर पर शाही ने डॉ. सलिल शर्मा को चंदन का पौधा और तिरंगा भेंट कर देशभक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अपने संबोधन में शाही ने कहा कि “पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। जब हम पौधा लगाते हैं, तो हम केवल हरियाली नहीं, बल्कि भविष्य का निर्माण करते हैं।

उन्होंने युवाओं को “हमारा पर्यावरण, हमारा भगवान” और “हमारा काम, धरती माता के नाम” जैसे प्रेरणात्मक नारों के साथ पर्यावरणीय चेतना से जोड़ने का आह्वान किया । इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और जन-जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने युवाओं को प्रेरित करते हुए बताया कि प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण और अपने मातृभूमि की रक्षा में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। छात्राओं के सहयोग के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण सुरक्षा और हर घर पौधा लगाने का संकल्प लिया।इस कार्यक्रम को सफल बनाने में निष्ठा और संदीपना का विशेष सहयोग रहा।
चंडीगढ़ के यंगस्टर आगमन भाटिया का एआई-बेस्ड स्टार्टअप बदल रहा है रियल एस्टेट की बिक्री और खरीद के तरीके को
चंडीगढ़ । चंडीगढ़ के 23 वर्षीय टेक प्रोफेशनल और प्रतिभावान आगमन भाटिया द्वारा निर्मित दुनिया का पहला सॉफ्टवेयर एज ए सर्विस बेस्ड रियल एस्टेट मार्केटप्लेस मिस्टरप्रॉपटेक, रियल एस्टेट ट्रांजेक्शंस के तरीके में बड़ा बदलाव ला रहा है। मिस्टरप्रॉपटेक ने जुलाई 2025 में मुख्य रूप से मोहाली में 30 करोड़ रुपये से अधिक की इन्वेंट्री की बिक्री दर्ज करके इस क्षेत्र में डिजिटल प्रॉपर्टी की बिक्री में एक नया बेंचमार्क स्थापित किया है। इनमें से अधिकांश रेजीडेंशियल प्रोजेक्ट्स से हैं। ट्राईसिटी की प्लाक्षा यूनिवर्सिटी से एआई (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) और एमएल (मशीन लर्निंग) में पोस्ट ग्रेजुएट आगमन भाटिया ने इस इनोवेटिव ऐप का कॉन्सेप्ट तैयार कर उसे डेवलप किया है। मिस्टरप्रॉपटेक के सीईओ केएस भाटिया के अनुसार, केवल 30% ग्राहकों ने कीमत को लेकर बातचीत की, जो प्लेटफ़ॉर्म की पूरी तरह से ट्रांसपेरेंट प्राइसिंग स्ट्रक्चर और सिस्टम में खरीदारों के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि “यह सब ज़ीरो मार्केटिंग खर्च के साथ हासिल किया गया, जो इस मॉडल की स्वाभाविक ताकत और विश्वसनीयता को साबित करता है। वर्तमान में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की इन्वेंट्री के साथ, मिस्टरप्रॉपटेक तेजी से ग्रोथ की राह पर है। इस स्टार्ट-अप का लक्ष्य अगले कुछ दिनों में 5,000 करोड़ रुपये की लिस्टेड इन्वेंट्री तक पहुंचना है और अगस्त में 75 करोड़ रुपये की मासिक बिक्री का लक्ष्य रखा गया है। अगस्त के अंत तक, इसकी योजना प्रमुख और संभावित मार्केट्स में 7,000 करोड़ रुपये की इन्वेंट्री रखने की है।
ब्रेस्टफीडिंग सिर्फ पोषण नहीं, मां और बच्चे के बीच गहरा भावनात्मक जुड़ाव : डा. वंदना मित्तल
पंचकूला । विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर पारस हेल्थ ने मां और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस साल की ग्लोबल थीम “प्रायोरिटाइज़ ब्रेस्टफीडिंग, क्रिएट सस्टेनेबल सपोर्ट सिस्टम्स” को ध्यान में रखते हुए अस्पताल ने समाज में स्तनपान को प्राथमिकता देने और माताओं को निरंतर सहयोग देने का संदेश दिया। पारस हेल्थ की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. वंदना मित्तल ने बताया कि स्तनपान केवल पोषण नहीं, यह माँ और शिशु के बीच एक भावनात्मक रिश्ता है। शुरुआती मुश्किलों को मात देकर यदि मां को सही सहयोग और मार्गदर्शन मिले, तो वह अपने बच्चे को एक बेहतर शुरुआत दे सकती है। जब हम ब्रेस्टफीडिंग को प्राथमिकता देते हैं, तो हम एक स्वस्थ पीढ़ी और मजबूत समाज की नींव रखते हैं। स्तनपान शिशु के लिए पहला टीका माना जाता है। यह ना सिर्फ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि शारीरिक और मानसिक विकास में भी सहायक होता है। वहीं, मां के लिए यह डिलीवरी के बाद रिकवरी, वज़न नियंत्रण और कुछ कैंसर के खतरे को कम करने में मददगार होता है। हालांकि, वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार अभी भी सिर्फ 48 प्रतिशत शिशु ही छह महीने तक पूर्ण रूप से स्तनपान प्राप्त कर पा रहे हैं। डब्ल्यूएचओ का लक्ष्य है कि 2030 तक यह संख्या 60 प्रतिशत तक पहुंचे। इससे साफ है कि अभी भी माताओं को सही जानकारी, सहयोग और वातावरण की कमी है। इस मौके पर पारस हेल्थ ने ज़मीनी स्तर पर काम कर रहे संगठनों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर हरियाणा के ग्रामीण इलाकों में जागरूकता फैलाने की योजना पर भी काम शुरू किया है। इसका उद्देश्य है, हर मां को स्तनपान के प्रति आत्मविश्वास देना, गलत धारणाएं दूर करना और यह सुनिश्चित करना कि कोई भी मां अकेली महसूस न करे। डॉ. मित्तल ने यह भी बताया कि शुरुआत में आने वाली चुनौतियों जैसे दूध कम बनना, सही स्थिति समझ न आना, या सामाजिक दबाव को मात देने के लिए लगातार सहयोग और सही जानकारी जरूरी है। अस्पताल मातृ एवं नवजात देखभाल, गर्भावस्था शिक्षा और परामर्श सेवाओं के माध्यम से यह सहायता प्रदान कर रहा है। स्तनपान को लेकर समाज में सही सोच विकसित करना समय की मांग है। पारस हेल्थ की यह पहल एक उदाहरण है कि कैसे हेल्थकेयर संस्थान मातृत्व को सम्मान देने और आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
संजय टंडन ने मरमेड -जलपरी कार्निवाल का किया उद्धघाटन
कलाकारों की कला प्रतिभा की सराहना की
चंडीगढ़ । हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी और चंडीगढ़ भाजपा इकाई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने अपने कर कमलों से “जलपरी कार्निवाल” का शुभारंभ किया। विदेशी ट्रेंड स्कूबा डाइवर्स की पानी के अठखेलियाँ और करतब देख संजय टंडन अचंभित हो गए और उन्होंने इन कलाकारों की भूरि भूरि प्रशंसा की। हाउसिंग बोर्ड लाइट पॉइंट दशहरा ग्राउंड में 7 अगस्त से पब्लिक के लिए शुरू हो गया है। इसमें लगभग 20 सदस्यों वाले विदेशी सी स्कूबा डाइवर्स अपनी कलाबाजियों और करतबों से विजिटर्स को आकर्षित और रोमांचित करेंगे। यह स्कूबा डाइवर्स पूरी तरह से प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त हैं। डाइवर्स की सराहना करते हुए संजय टंडन ने कहा कि ट्राईसिटी वासियों के लिए यह अपने आप में अनूठा तजुर्बा है। इन कलाकारों की पानी के अंदर अठखेलियाँ और कलाबाजियों को देख लोग निश्चित रूप से रोमांचित होंगे। उन्होंने कहा कि आयोजक चार दशक से भी अधिक समय से शहरवासियों का मनोरंजन करते आ रहे है और हर बार कुछ नया और अलग ही पेश करते हैं।


अपैक्स इंटरनेशनल के निदेशक सुनील कुमार गोयल और अलंकेश्वर भास्कर ने बताया कि चंडीगढ़ शहर में देश का सबसे बड़ा और अपनी तरह का पहला “जलपरी कार्निवाल” पेश किया गया है। जिसमें विदेशी सी स्कूबा डाइवर्स अपनी कलाबाजियों और करतबों से विजिटर्स को आकर्षित और रोमांचित करेंगे। उन्हें पूरी उम्मीद है कि यह अवश्य ही लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा और लोग इसका लुत्फ लेने बार बार आएंगे। उन्होंने बताया कि विदेशी स्कूबा डाइवर्स न केवल अपने कला प्रतिभा पेश करेंगे, बल्कि बीच बीच में पानी से बाहर आकर लोगों को अपने साथ सेल्फी लेने का मौका भी देंगे। उन्होंने बताया कि कार्निवाल का प्रवेश द्वार भी भव्य और आकर्षक रूप से तैयार किया गया है। जलपरियों के कट आउट के विशाल होर्डिंग्स बरबस ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेंगे। प्रवेश द्वार से एंटर करते ही लोगों को जलपरियों की अठखेलियाँ करते की झलक देखने को मिलेगी। इसके अलावा कार्निवाल में झूलों के साथ साथ बच्चों के खेल खिलौने का सामान उपलब्ध रहेगा। मेले का मुख्य आकर्षण भव्य प्रवेश द्वार और झूले रहेगा। कार्निवाल में खरीदारी के लिए होम डेकोर, फर्नीचर, हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट, फ़ूड स्टाल्स आदि के स्टाल भी लगाए गए हैं। वहीं कार्निवाल में बच्चों और बड़ों के लिए फेमस करैक्टर के कट आउट्स के साथ सेल्फी लेने का भी विशेष प्रबंध किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि जायंट व्हील,कोलम्बस बोट, डायना कार्टर, कैटरपिलर, ब्रेक डांस,बोटिंग जैसे रूटीन झूले तो हैं ही, इसी के साथ साथ झूलों में मुख्य आकर्षण पहली बार विदेशी झूले डबल डिस्क और स्ट्राइकिंग कार शामिल किए गए है। कार्निवाल में रोजाना शाम को स्टेज परफॉर्मेंस भी रहेंगे। जिसमें पब्लिक से कोई भी अपनी कला प्रतिभा को पेश कर सकता है। कार्निवाल के आयोजकों ने आगे बताया कि कार्निवाल में सुरक्षा के मद्देनजर प्राइवेट सुरक्षा कर्मी, अग्निशमन यंत्र और सीसीटीवी लगाए गए हैं
नगर निगम ने शहर में स्वच्छ और ग्रीन पार्क जागरूकता ड्राइव का किया शुभारंभ
चंडीगढ़ । स्मार्ट सिटी स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत द्वितीय स्थान हासिल से प्रेरित हो चंडीगढ़ नगर निगम शहर भर में “स्वच्छ और ग्रीन पार्क जागरूकता ड्राइव” चलाने जा रहा है। 10 दिवसीय इस अभियान में समाजसेवी संस्थाएं डॉन बोस्को नवजीवन सोसाइटी और ओंकार चैरिटेबल फाउंडेशन सहयोग दे रही है। जिसका शुभारंभ सोमवार 4 अगस्त से सेक्टर 42 की नई लेक से हुआ। चंडीगढ़ नगर निगम आयुक्त अमित कुमार और सीनियर डिप्टी मेयर और वार्ड पार्षद जसबीर सिंह बंटी, संयुक्त आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने फ्लैग ऑफ कर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर डॉन बोस्को नवजीवन सोसाइटी के पदाधिकारी, ओंकार चैरिटेबल फाउंडेशन के चेयरमैन रविन्द्र सिंह बिल्ला एवं उनकी टीम और आर डब्ल्यू ए के पदाधिकारियों सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।

नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने इस अभियान में बच्चो के शामिल होने पर खुशी प्रकट की। उन्होंने कहा कि यह भावी पीढ़ी ही है, जो इस तरह के अभियान को सफल बनाने में सहयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा अभी चंडीगढ़ को स्वच्छता सर्वेक्षण में दूसरा स्थान हासिल हुआ है। हम सब मिल कर आगे आएंगे तो निश्चय ही शहर को पहला स्थान हासिल हो जाएगा। वहीं उन्होंने इस मौके अपने 10×10=100 के मूलमंत्र को भी सब के साथ सांझा किया। उन्होंने समझाया कि अगर हम 10 मिनिट निकालकर अपने आसपास साफ सफाई का ख्याल करें और उसके बाद 10 लोगों से साफ सफाई के बारे में बातचीत करें और अपने आसपास के 100 मीटर के दायरे में उन्हें इसके प्रति जागरूक करें, तो शहर निश्चित रूप से साफ सुथरा हो जाएगा। सीनियर डिप्टी मेयर और वार्ड पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि चंडीगढ़ नगर निगम ने शहरभर में स्वच्छ और ग्रीन पार्क जागरूकता ड्राइव शुरू की है। जिसकी शुरुआत उनके ही वार्ड से हुई है। बच्चों में साफ सफाई के प्रति एक ललक देख कर अच्छा लगा। हम सब को चाहिए कि हम सब मिलजुल कर आगे आएं और इस मुहिम को आगे लेकर जाएं। जिससे हमारा शहर अगले साल के स्वच्छता सर्वेक्षण में पहला स्थान हासिल करे। ओंकार चैरिटेबल फाउंडेशन के चेयरमैन रविन्द्र सिंह बिल्ला ने कहा कि उन्हें खुशी है कि नगर निगम द्वारा शुरू की गई इस मुहिम का उनकी फाउंडेशन हिस्सा है। भविष्य में शहर की बेहतरी के लिए चलाए जाने वाले अभियान का हिस्सा बनने पर उन्हें गर्व होगा। स्वच्छ युवा दूत- ए ब्रिगेड फ़ॉर क्लीनलीनेस स्लोगन के अंतर्गत और स्टूडेंट पार्टिसिपेशन के माध्यम से लोगों में स्वच्छता जागरूकता बढ़ाने और वीहेवीयरल चेंज के प्रति प्रोत्साहित करना इस ड्राइव का मुख्य उद्देश्य है। इस 10 दिवसीय अभियान के ओवरआल इंचार्ज जॉइंट कमिश्नर म्युनिसिपल कारपोरेशन-1 हिमांशु गुप्ता नियुक्त किए गए है। उनके गाइडेंस में नगर निगम के एमओएच, ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट, परचेस और पी आर विभाग की जिम्मेदारी इस आयोजन को सफल बनाने की सुनिश्चित की गई है।

सोनी ने 98 इंच का ब्राविया 5 मिनी एलईडी टीवी 6.49 लाख रुपये में किया लॉन्च
चंडीगढ़ । सोनी ने अपने टेलीविजन सेगमेंट में विस्तार करते हुए 98 इंच का ब्राविया 5 टीवी लॉन्च किया है। चंडीगढ़ के सबसे पुराने और बड़े सोनी सेन्टर एक्स इंक में सोनी चण्डीगढ़ के ब्रांच मैनेजर अश्वनी चौधरी और एक्स इंक के ओनर संजय जैन ने सोनी के ऑफिसियल और आम लोगों की मौजूदगी में लांच किया। सोनी का यह 98-इंच BRAVIA 5 TV घर में सिनेमा जैसा फील देगा। ब्रांच मैनेजर अश्विनी चौधरी ने बताया कि Sony ने अपने ब्राविया टीवी सीरीज का अब तक का सबसे बड़ा और प्रीमियम मॉडल Sony BRAVIA 5 98″ Mini LED 4K टीवी लॉन्च किया है, जो बड़े स्क्रीन और थिएटर जैसा होम एंटरटेनमेंट एक्सपीरियंस देने के लिए डिजाइन किया गया है।

इस टीवी में Sony का एडवांस्ड XR एआई प्रोसेसर लगा है, जो आर्टिफिशियल और कॉग्निटिव इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके कंटेंट और सिग्नल को इतने नेचुरल और इंसानी तरीके से प्रोसेस करता है कि देखने वाला हर फ्रेम को रियलिस्टिक अंदाज में पाता है। XR Backlight Master Drive तकनीक हजारों इंडिपेंडेंट LED के साथ प्रिसिशन डिमिंग एल्गोरिदम का कमाल दिखाती है, जिससे अल्ट्रा ब्राइट हाइलाइट्स और गहरे काले रंग होते हैं, जो बेहतर कंट्रास्ट और डिटेल्ड डायनेमिक रेंज देते हैं।
नगर निगम के स्वच्छ और ग्रीन पार्क जागरूकता ड्राइव के तहत ग्रीन बेल्ट इंदिरा कॉलोनी में की गई साफ सफाई
चंडीगढ़ । चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा शहर भर में चलाए जा रहे “स्वच्छ और ग्रीन पार्क जागरूकता ड्राइव” के दूसरे दिन इंदिरा कॉलोनी की ग्रीन बेल्ट में स्वच्छता ड्राइव चलाई गई। 10 दिवसीय इस अभियान में समाजसेवी संस्थाएं डॉन बोस्को नवजीवन सोसाइटी और ओंकार चैरिटेबल फाउंडेशन सहयोग दे रही है। इस अवसर पर एरिया पार्षद सुमन और डॉन बोस्को नवजीवन सोसाइटी के पदाधिकारी, ओंकार चैरिटेबल फाउंडेशन के चेयरमैन रविन्द्र सिंह बिल्ला एवं उनकी टीम और नगर निगम के अधिकारी भी उपस्थित थे। बच्चों ने इस दौरान ग्रीन बेल्ट में घूम घूम कर कूड़ा बीना और लोगों को अपने आसपास साफ सफाई रखने की अपील की। नगर निगम इंदिरा कॉलोनी की पार्षद सुमन ने नगर निगम और डॉन बोस्को नवजीवन सोसाइटी एवं ओंकार चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा उनके वार्ड में चलाए गए स्वच्छता ड्राइव का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि निगम को शहर को हरा भरा और साफ सुथरा रखने में प्रयासरत है। बच्चों ने भी स्वच्छता और लोगों को जागरूक करने का जो बीड़ा उठाया है,वो निसंदेह सराहनीय है। बच्चों ने जिस तरह से ग्रीन बेल्ट में घूम घूम कर कूड़ा बीना और लोगों को अपने आसपास साफ सफाई रखने के प्रति जागरूक किया, वो देख कर अच्छा लगा। अगर बच्चों की अपील पर ही हम सब मिल कर आगे आएंगे तो निश्चय ही शहर को पहला स्थान हासिल हो जाएगा। ओंकार चैरिटेबल फाउंडेशन के चेयरमैन रविन्द्र सिंह बिल्ला ने कहा कि दस दिवसीय अभियान के दूसरे दिन मनीमाजरा की इंदिरा कॉलोनी की ग्रीन बेल्ट में स्वच्छता ड्राइव चलाई गई। एरिया पार्षद सुमन , निगम अधिकारियों और डॉन बोस्को नवजीवन सोसाइटी की स्वच्छ युवा दूत- ए ब्रिगेड फ़ॉर क्लीनलीनेस” ने ग्रीन बेल्ट में घूम घूम कर न केवल कूड़ा बीना, बल्कि लोगों को इसके प्रति जागरूक भी किया। बच्चों ने एरिया निवासियों को बताया कि वो लोग घूमते फिरते अपने आसपास के एरिया की साफ सफाई रखें, जैसे वो अपने घर की रखते हैं।





