मोहाली । गोपाल स्वीट्स ने मोहाली इंडस्ट्रियल इकोनॉमिक्स जोन (एमआईईजेड) में अपनी नई और क्षेत्र की सबसे बड़ी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इस प्रोजेक्ट के जरिए न केवल औद्योगिक क्षेत्र को नई ऊंचाइयां मिलेंगी, बल्कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह यूनिट पूरे ट्राईसिटी के औद्योगिक विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बनूर तेपला रोड पर स्थित एमआईईजेड तेजी से एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है, और रॉयल स्टेट ग्रुप द्वारा विकसित यह प्रोजेक्ट तेज प्रगति कर रहा है।
इस कार्यक्रम में 400 से अधिक उद्योगपति, निवेशक, सहयोगी, चैनल पार्टनर और ग्राहक शामिल हुए। गोपाल स्वीट्स ने भूमि पूजन की रस्में पूरी पारंपरिक तरीके से निभाई, जिसमें रॉयल एस्टेट ग्रुप का भी सहयोग रहा। रॉयल एस्टेट ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर नीरज कंसल ने इस अवसर पर कहा कि 11 अक्टूबर का दिन इस क्षेत्र के औद्योगिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ता है। गोपाल स्वीट्स की सफलता की यात्रा सराहनीय है। हम यहां हर उद्योगपति और निवेशक का समर्थन करने के लिए तैयार हैं। एमआईईजेड के निदेशक आशीष मित्तल ने गोपाल स्वीट्स की टीम को इस नई उपलब्धि पर बधाई देते हुए आश्वासन दिया कि सभी उद्योगपतियों को हर संभव सहायता दी जाएगी। गोपाल स्वीट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर शरणजीत सिंह ने कहा कि एमआईईजेड उनके लिए एक आदर्श स्थान है। वे यहां 50 नए यूनिट्स खोलने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने रॉयल एस्टेट ग्रुप का समर्थन देने के लिए धन्यवाद किया।
गोपाल स्वीट्स की मोहाली इंडस्ट्रियल एरिया में नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का निर्माण कार्य शुरू
किन्नर मंदिर में नवमी पर 108 कन्याओं का पूजन
54 सुहागिनों को दिया गया सुहाग चूड़ा और लेडीज सूट
चंडीगढ़ । शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर नवमी का त्योहार जय माता किन्नर मंदिर, बापूधाम सेक्टर 26 में बड़ी ही श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया। मंदिर की प्रमुख महंत कमली माता (पुजारिन) की देखरेख में मंदिर परिसर में कंजक पूजन, गौ पूजन, तिरुपति बालाजी अन्न प्रतिमा पूजन, पूर्णाहुति शतचंडी महायज्ञ और 108 कलश के जल से माता का अभिषेक किया गया। महंत कमली माता ने बताया कि मंदिर में नवरात्र का पर्व बड़े ही श्रद्धाभाव और भक्तिभाव से मनाया गया। मंदिर में नौ दिन माता के नौ स्वरूपों की मंदिर के 09 पुजारियों द्वारा श्रद्धाभाव से पूजा अर्चना की गई। उन्होंने बताया कि नवरात्र के दौरान नवमी अवसर पर 108 कन्याओं एवं 43 बालकों के पूजन किया गया। इसके अलावा 54 सुहागिनों को सुहाग चूड़ा और लेडीज सूट दिया गया है। गौ माता की पूजा कर उन्हें पौंगल प्रसाद का भोग लगाया गया। तिरुपति बालाजी की अन्न फल से प्रतिमा तैयार का ब्राह्मणों द्वारा पूजा की गई। इसके पश्चात पूर्णाहुति शतचंडी महायज्ञ और 108 कलश के जल से माता का अभिषेक भी किया गया ।


दशहरे पर्व पर कैनेडियन एयरलाइन्स का जहाज बना आकर्षण का केंद्र
कैनेडियन एयरलाइन्स चंडीगढ़ कार्निवाल में उमड़ी भीड़
चंडीगढ़ । दशहरा पर्व पर सेक्टर 34 में कैनेडियन एयरलाइन्स चंडीगढ़ कार्निवाल को देखने के लिए भारी संख्या में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। जिसके चलते आयोजकों को और भी टिकट बुकिंग काउंटर खोलने पड़े। कैनेडियन एयरलाइन्स चंडीगढ़ कार्निवाल में कैनेडियन एयरलाइन्स का जहाज आकर्षण का केंद्र बना। कार्निवाल देखने आने वालों ने कैनेडियन एयरलाइन्स के जहाज के पास खूब सेल्फी और फोटोज खींची। कैनेडियन एयरलाइन्स चंडीगढ़ कार्निवाल के संचालक अयोध्या प्रकाश ने बताया कि सेक्टर 34 बी ओटी ग्राउंड में कैनेडियन एयरलाइन्स चंडीगढ़ कार्निवाल चल रहा है। कार्निवाल में कैनेडियन एयरलाइन्स का जहाज सभी के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसके अलावा कार्निवाल में विभिन्न स्थानों पर लगाये गए सेल्फी पॉइंट भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे है। शाम के समय जलती रंग बिरंगी और आकर्षक लाइट्स भी राह जाते लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है, जिसके चलते लोग कार्निवाल को देखने आ रहे हैं। दशहरा पर्व पर भारी संख्या में लोग कार्निवाल देखने पहुंचे और सेल्फी पॉइंट सहित झूलों पर एन्जॉय किया और कार्निवाल में लगे स्टाल्स पर खरीदारी की। उन्होंने बताया कि लोग उनके द्वारा लगाए जा रहे कार्निवाल की तारीफ कर रहे है। चाहे वो सिंगापुर एयरलाइन्स हो, विशालकाय फिश या कैनेडियन एयरलाइन्स के जहाज वाला प्रवेश द्वार हो, सभी उन्हें भाए, क्योंकि सभी अलग और हट कर थे। लोग अब जानना चाह रहे है कि अगली बार क्या खास ला रहे हो।

जीएमएसएसएस-10 चंडीगढ़ में क्लस्टर स्तरीय कला उत्सव का आयोजन
चंडीगढ़ । जीएमएसएसएस सेक्टर 10ए में क्लस्टर नंबर 2 के लिए क्लस्टर स्तरीय कला उत्सव का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम ने छात्रों को वाद्य संगीत, गायन, पारंपरिक कहानी सुनाना, नाट्य कला और नृत्य जैसी श्रेणियों में अपनी कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया। क्लस्टर के विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता, कौशल और समर्पण से दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। इन प्रस्तुतियों ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को उजागर किया। कार्यक्रम में विजेताओं को अगले स्तर के कला उत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। विद्यालय की प्राचार्या जैस्मीन जोश ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की और कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और शिक्षा में सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया। यह कार्यक्रम छात्रों की क्षमताओं और विद्यालयों के सामूहिक प्रयासों का एक उत्कृष्ट उदाहरण था।

समय निकाल कर भगवान की अराधना जरुर करनी चाहिए: इंद्रेश महाराज
चंडीगढ़ । श्री कृष्ण प्रिया जू संकीर्तन मंडल के तत्वाधान में सेक्टर 34 के मेला ग्राउंड में वृन्दावन प्राक्टय उत्सव और श्री मद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जो 13 अक्टूबर तक चलेगा। विश्व विख्यात कथा व्यास परम पूज्य इंद्रेश महाराज ने छठे दिन की कथा में भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला का वर्णन किया। कथा में वृंदावन का वर्णन करते हुए श्रीराधा कृष्णा की अद्भुत लीलाओं का बखान किया। उन्होंने बताया कि रासलीला में भगवान श्रीकृष्ण और गोपियों का रासलीला निश्चल प्रेम का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि रासलीला में श्रीकृष्ण को छोड़कर किसी अन्य पुरुष का वहां जाना निषेध था। उन्होंने यह भी बताया कि रासलीला में भगवान शिव ने महिला के वेश में रास के दर्शन किए थे। रासलीला में जीव का शंका करना या काम को देखना ही पाप है। रासलीला में व्यास ने कहा कि जब कभी जीव में अभिमान आता है, तो भगवान उनसे दूर हो जाता है। रासलीला में बताया गया कि रुक्मणि स्वयं साक्षात लक्ष्मी है और वह नारायण से दूर रह ही नहीं सकती। रासलीला में यह भी समझाया गया है कि धन को परमार्थ में लगाना चाहिए और जब कोई लक्ष्मी नारायण को पूजता है या उनकी सेवा करता है, तो उन्हें भगवान की कृपा स्वत ही प्राप्त हो जाती है।

उन्होंने कथा में राधा कुंड और कृष्ण कुंड का सुंदर वर्णन किया और साथ ही लाला और किशोरी के अमृत रस की तरह बरसने वाली बाल लीलाओं के वर्णन में बताया कि किस तरह किशोरी के हाथों से पहली बार मथे गए माखन को वृंदावन के माखन चोर कहलाने वाले छलिया ठाकुरजी ने योजना बना कर बरसाना में एक छोटी सी किशोरी का भेस धारण कर पधारे और किशोरियों के छोटे छोटे हाथों से माखन का पान किया। श्रीकृष्ण द्वारा किए गए हर लीला में जन मानस के लिए एक सुंदर संदेश छुपा था। उन्होंने बताया कि भागवत पुराण हिंदुओं के अट्ठारह पुराणों में से एक है। इसे श्री मद्भागवतम् या केवल भागवतम् भी कहते है। इसका मुख्य वर्ण्य विषय भक्ति योग है। महाराज ने कथा में गोवर्धन धारण की लीला का बखान किया और कहा कि प्रेम संबंध में ईश्वरत्व नही होता, सिर्फ प्रेम होता है। गोवर्धन धारण के समय भी कैसे बृजवासियों ने हरि को भगवान ना मान कर अपना लाला ही माना, तो प्रेम के भाव में सिर्फ प्रेम ही दिखता है, कोई ओहदा नहीं। उल्लेखनीय है कि इस विशाल भागवत कथा के आयोजक बालीवुड के प्रसिद्ध गायक बी प्राक है और कार्यक्रम का संचालन प्रख्यात वक्ता संदीप चुग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पूज्य स्वामी कैलाश नंद गिरि महाराज महामंडलेश्वर निरंजन अखाड़ा परिषद, चित्रलेखा, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर सरकार), मनोज मोहन शास्त्री, मोहित मुरली , गुरुदेव भगवान और अनिरुद्धाचार्य सहित जाने माने धार्मिक गुरु पहुंच रहे है।

समाजसेवी रूंगटा परिवार के सदस्य दशहरा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल
पंचकूला । रत्नादेवी रूंगटा और उनके दो बेटे संजय कुमार रूंगटा,अमिताभ कुमार रूंगटा, दोनों प्रसिद्ध समाजसेवी, पंचकूला के सेक्टर 5 स्थित शालीमार ग्राउंड में आयोजित ‘विशाल दशहरा महोत्सव’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दशहरा महोत्सव का आयोजन श्री माता मनसा देवी चैरिटेबल एंड डेवलपमेंट ट्रस्ट, दशहरा कमेटी, पंचकूला और आदर्श रामलीला एवं ड्रामेटिक क्लब, पंचकूला द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था।दशहरा समारोह के अवसर पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए अमिताभ रूंगटा ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का एक शक्तिशाली अनुस्मारक है। दशहरे पर सभी भारतीयों को मेरा संदेश है कि इस दिन कुछ कोई न कोई सामाजिक सेवा गतिविधि आयोजित करने का संकल्प लें। जब प्रत्येक भारतीय द्वारा कोई सामाजिक सेवा की जाएगी , तो समाज से बुराई स्वतः ही समाप्त हो जाएगी और भारत में ‘राम राज्य’ की स्थापना होगी।

संजय कुमार रूंगटा पुरुषोत्तम दास रूंगटा चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष हैं और अमिताभ रूंगटा श्री श्याम करुणा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष हैं। अमिताभ रूंगटा पिछले कई वर्षों से पंचकूला में साप्ताहिक भंडारा आयोजित करने के अलावा नियमित रूप से कई परोपकारी पहल करते आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अमिताभ रूंगटा स्वर्गीय पुरुषोत्तम दास रूंगटा चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक और प्रबंध ट्रस्टी भी हैं। वह इन सामाजिक संस्थाओं – राजस्थान परिषद, चंडीगढ़, कामधेनु गौशाला, पिंजौर,अग्रसेन चैरिटेबल डायग्नोस्टिक एंड हेल्थ केयर सेंटर, पंचकूला, पंचकूला भवन, सालासर के ट्रस्टी भी हैं।समाज सेवा के क्षेत्र में अपने योगदान और भविष्य की योजनाओं के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए अमिताभ रूंगटा ने कहा कि साप्ताहिक भंडारा आयोजित करने के अलावा मैं वंचित छात्राओं की मदद कर रहा हूँ, जिनके माता-पिता उनकी शिक्षा का खर्च नहीं उठा सकते। हमारा फाउंडेशन ‘बीमार गायों’ के इलाज में भी मदद कर रहा है। दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर, वॉकर और वॉकिंग स्टिक भी उपलब्ध कराए गए हैं। इस बीच विशाल दशहरा महोत्सव’ में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए और रिमोट कंट्रोल सिस्टम का उपयोग करके रावण के पुतले को भी आग के हवाले किया गया।
पंजाब गवर्नर और चंडीगढ़ प्रशासक की धर्मपत्नी अनिता कटारिया सेक्टर 34 चंडीगढ़ कार्निवाल में पहुंची
कार्निवाल का किया अवलोकन और स्टाल्स से की खरीदारी
चंडीगढ़ । पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया की धर्मपत्नी अनिता कटारिया सेक्टर 34 स्थित चंडीगढ़ कार्निवाल को देखने के लिए विशेष रूप से शामिल हुईं । उन्होंने चंडीगढ़ कार्निवाल मे कैनेडियन एयरलाइन के जहाज से तैयार भव्य और आकर्षक प्रवेश द्वार को देखा और सराहा। उन्होंने विभिन्न संस्थाओं द्वारा निर्मित सामग्रियों की प्रदर्शनी और सह विक्रय स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉल भ्रमण कर स्टॉल्स के संचालकों से चर्चा कर उनके उत्पादों के विषय में जानकारी प्राप्त की। अनिता कटारिया ने कार्निवाल में ग्रामीण शिल्पकारों एवं उद्यमियों से भेंट की उनके द्वारा निर्मित उत्पादों को सराहा और खरीददारी भी की। उन्होंने उत्पाद निर्माताओं द्वारा बनाई गई घर की साज सज्ज़ा और घरेलू उपयोगी समानों की तारीफ भी की। अनिता कटारिया ने बेहद ही तरतीब से लगाए गए स्टॉल्स, साफ सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अकस्मात होने वाली दुर्घटनाओं से निपटने के लिए किए गए बंदोबस्त की कार्निवाल के आयोजकों एके इंटरप्राइजेज की तारीफ की।


श्रीमद भागवत कथा व वृन्दावन प्राकटय उत्सव का आयोजन 7 अक्टूबर से
गायक बी प्राक और मुनीश बजाज आज पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मिले
चंडीगढ़ । श्री कृष्ण प्रिया जू संकीर्तन मंडल के तत्वाधान में 7 से 13 अक्टूबर तक सेक्टर 34 के मेला ग्राउंड में रोजाना दोपहर 3 से 7 बजे तक श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विश्व विख्यात कथा व्यास परम पूज्य इंद्रेश महाराज अपनी दिव्य वाणी में कथा श्रवण करवाएंगे। गायक बी प्राक, आयोजक और मुनीश बजाज, सयोंजक आज पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मिले और उन्हें कार्यक्रम में आने का न्योता दिया। इस अवसर पर गायक बी प्राक ने बताया कि इस भागवत कथा में देश के जानेमाने संत पहुंच रहे है, जो लोगों को ज्ञान की बातें बताएंगे और श्रीमद भागवत कथा का पाठ करेंगे। गायक बी प्राक ने बताया कि कथा के बाद शाम साढ़े सात बजे से साढ़े नौ बजे तक चित्र विचित्र, साध्वी पूर्णिमा, कृष्ण भैया आदि भजन गायकों द्वारा नित्य भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में पूज्य स्वामी कैलाश नंद गिरि महाराज महामंडलेश्वर निरंजन अखाड़ा परिषद, जया किशोरी, चित्रलेखा, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर सरकार) और अनिरुद्धाचार्य सहित जाने माने धार्मिक गुरु पहुंच रहे है।

श्री श्याम करुणा फाउंडेशन ने नवरात्रों पर आयोजित किया 134वां अन्न भंडारा
पंचकूला । श्री श्याम करुणा फाउंडेशन ने नवरात्रों के पवित्र दिनों के अवसर पर 134वां अन्न भंडारा इंडस्ट्रियल एरिया फेज 1 में सफलतापूर्वक आयोजित किया। इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण के माध्यम से सेवा का भाव जगाना था । फाउंडेशन के संस्थापक अमिताभ रुंगटा ने नवरात्रों के दौरान अन्न भंडारा आयोजित करने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन दिनों का धार्मिक और सामाजिक महत्व है, सामाजिक इसलिए क्योंकि यह समाज सेवा का काम है और धार्मिक इसलिए क्योंकि पावन दिनों में अन्न भंडारा आयोजित करना पुण्यदायक होता है। ये दोनों ही विचारों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इस अवसर पर फाउंडेशन के स्वयंसेवक अनुपमा रुंगटा, चैतन्य रुंगटा, प्रगति, सुखपाल सिंह और सुरेश जांगड़ा भी उपस्थित थे। उन्होंने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सेवाकार्य में अपनी सहभागिता दिखाई।
एसडी कॉलेज के रोट्रेक्ट क्लब ने आयोजित की साइक्लोथॉन, जय डोगरा रहे प्रथम
चंडीगढ़ ( संवाद टाइम्स/हरजिंदर सिंह )। सेक्टर-32 स्थित गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म कॉलेज के रोट्रेक्ट क्लब की ओर से रविवार को अपने बहुप्रतीक्षित साइक्लोथॉन: टू व्हील्स, वन कॉज का आयोजन किया गया, जिसमें शहर भर के प्रतिभागियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। फिटनेस और पर्यावरण स्थिरता दोनों को बढ़ावा देने के लिए डिज़ाइन किया गया यह इवेंट फंडरेज़र के एक बड़े उद्देश्य को भी पूरा करता है। इस इवेंट से हुई आय का उपयोग विकलांग लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएँ और उपकरण प्रदान करने के लिए किया जाएगा। साइक्लोथॉन का रूट जीजीडीएसडी कॉलेज, सेक्टर 32 से शुरू हुआ और रोज गार्डन, शांति कुंज पार्किंग से होते हुए वापस लौटा। सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया तथा शारीरिक श्रम के साथ-साथ पर्यावरण चेतना और सामाजिक कल्याण का सशक्त संदेश भी दिया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध भारतीय पैरा-एथलीट विनय कुमार लाल शामिल हुए। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अजय शर्मा और रोट्रेक्ट क्लब प्रभारी डॉ. रुचि शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे। डॉ. अजय शर्मा ने पूरी आयोजन समिति के साथ-साथ प्रतिभागियों को प्रेरित किया। साइक्लोथॉन के विजेताओं जय डोगरा (प्रथम), विक्रम मलिक (द्वितीय), और अक्षित (तृतीय) को उनके सराहनीय प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। यह पहल सार्थक सहभागिता के माध्यम से सामाजिक प्रभाव उत्पन्न करने तथा कॉलेज के दृष्टिकोण को व्यापक सामुदायिक कल्याण के साथ संरेखित करने के प्रति रोट्रेक्ट क्लब के समर्पण की पुष्टि करती है।


