चंडीगढ़ । नशे और साइबर क्राइम के खिलाफ जागरूकता का संदेश लेकर 27 सितंबर को आयोजित होने वाली एसके ट्राईसिटी मैराथन में इस बार खेल और प्रशासनिक जगत की प्रमुख हस्तियां भी शामिल होंगी। अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल मैराथन में दौड़ेंगी, जबकि एसएसपी चंडीगढ़ कंवरदीप कौर और मेयर सौरभ जोशी और संस्कृति युवा संस्थान के अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा , यश सेतिया डायरेक्टर एस के फ़ाइनैंस कार्यक्रम में शिरकत कर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएंगे। शुक्रवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में मैराथन की टी-शर्ट और बिब लॉन्च किए गए और तीनों रनों के रूट की घोषणा की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजक मुकेश मिश्रा, एसके फाइनेंस के अतिन गुप्ता,नेशनल बिजनेस हेड,नेशनल हेड मार्केटिंग अंशुल जैन, ,सर्व ब्राह्मण महासभा पंजाब-चंडीगढ़-हरियाणा के कार्यकारी अध्यक्ष दीपक शर्मा और दिनेश दीक्षित ; मौजूद रहे।
चंडीगढ़ क्लब से शुरू होकर वहीं होगी फिनिश
आयोजकों के अनुसार तीनों रन का स्टार्ट और फिनिश प्वाइंट चंडीगढ़ क्लब ग्राउंड, सेक्टर-1 रहेगा। 21 किलोमीटर की दौड़ चंडीगढ़ क्लब से उत्तर मार्ग, रोज गार्डन और सुखना लेक वॉक पाथ होते हुए रेगुलेटरी एंड तक जाएगी। वहां यू-टर्न लेकर चंडीगढ़ क्लब वापस आने के बाद यही रूट दो बार पूरा किया जाएगा। 10 किलोमीटर रन चंडीगढ़ क्लब से उत्तर मार्ग, रोज गार्डन और सुखना लेक वॉक पाथ होते हुए रेगुलेटरी एंड तक जाएगी और यू-टर्न लेकर वापस चंडीगढ़ क्लब पहुंचेगी। 3 किलोमीटर रन में प्रतिभागी चंडीगढ़ क्लब से उत्तर मार्ग होते हुए 1.5 किलोमीटर तक जाएंगे और यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे।
21 किमी में ₹11 हजार तक, 10 किमी में ₹7,100 तक पुरस्कार
21 किलोमीटर में पुरुष और महिला वर्ग के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर क्रमशः ₹11,000, ₹7,000 और ₹5,100 की पुरस्कार राशि रखी गई है। 10 किलोमीटर में दोनों वर्गों के लिए ₹7,100, ₹5,100 और ₹3,100 के पुरस्कार दिए जाएंगे। बिब एक्सपो 26 सितंबर को चंडीगढ़ क्लब में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। प्रतिभागियों को इसी दौरान बिब और रेस किट उपलब्ध कराई जाएगी ; मैराथन वाले दिन कोई किट नहीं मिलेगी । आयोजकों के मुताबिक मैराथन के जरिए युवाओं और आम लोगों को फिटनेस से जोड़ने के साथ नशे और साइबर क्राइम के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।

