केजीएफ और बराड़ सुपर किंग्स ने जीते उद्घाटन मुकाबले
चंडीगढ़ । ऋषि ब्रदर्स टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथा संस्करण का शुभारंभ मंगलवार को डेराबस्सी के पास दप्पर में इंदरजीत क्रिकेट अकादमी में हुआ, जहां उद्घाटन दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले हाई-स्कोरिंग मैच में केजीएफ ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए इंदरजीत टीएसएम को 111 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए केजीएफ ने 20 ओवर में 312/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया। अंकित कुमार ने महज 34 गेंदों में 100 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि महीम मलिक (89) और वंश यादव (56) ने भी अर्धशतक जमाए। जवाब में टीएसएम की टीम 201/9 तक ही पहुंच सकी। मैन ऑफ द मैच अंकित कुमार हरियाणा रणजी टीम और नॉर्थ ज़ोन के कप्तान रहे हैं । उनके लिए महीम मलिक ने नाबाद 89 रन बनाए, जबकि वंश यादव ने 56 रनों का योगदान दिया। दूसरे मुकाबले में भी रन बरसे, जहां बराड़ सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वर्मा क्रिकेट क्लब को सात विकेट से हराया। वर्मा क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 233/6 का मजबूत स्कोर बनाया। टीम के लिए सेखों पवन (49), सोनू कौशल (49) और नाबाद रंधु (34) ने अहम पारियां खेलीं। लक्ष्य का पीछा करते हुए बराड़ सुपर किंग्स ने सिर्फ 18.1 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। लवप्रीत बराड़ ने नाबाद 87 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई, जबकि साहिल लखलान ने 51 रनों की तेज पारी खेली। अंकित नरवाल ने भी नाबाद 40 रन बनाए और गेंदबाजी में तीन विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुशील चौधरी (गोर्टनशायर कंपनी के मालिक) ने राजीव ऋषि और सचिन ऋषि की मौजूदगी में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया ।

