Sunday, November 8, 2026
HomePoliticsमलेरकोटला में भाजपा को मिली बड़ी मजबूती

मलेरकोटला में भाजपा को मिली बड़ी मजबूती

अकाली नेता, पूर्व सूचना आयुक्त एवं पूर्व शिरोमणि कमेटी सदस्य अजीत सिंह चंदूराइयां भाजपा में शामिल

प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने चंदूराइयां और उनके साथियों को भाजपा में करवाया शामिल

चंडीगढ़ । भारतीय जनता पार्टी को मलेरकोटला जिले में उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब पूर्व राज्य सूचना आयुक्त, पूर्व शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) सदस्य और अकाली नेता अजीत सिंह चंदूराइयां अपने बड़ी संख्या में साथियों सहित भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उनका पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर मलेरकोटला जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 60 सरपंच, नंबरदार और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी भाजपा में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने अजीत सिंह चंदूराइयां और उनके साथियों का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से मलेरकोटला जिले में भाजपा को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कारवां दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं सहित पंजाब के हर वर्ग के लोग भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए पार्टी से जुड़ रहे हैं। ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार ने अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में राज्य को विकास की राह पर आगे ले जाने के बजाय हर क्षेत्र में पीछे धकेला है। राज्य में नशे, अपराध, गैंगस्टरवाद और फिरौती की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी बन चुकी है कि लोग अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि व्यापारी, किसान, युवा, कर्मचारी और आम लोग सरकार की विफलताओं का खामियाजा भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब बदलाव के नाम पर बनी सरकार की वास्तविकता समझ चुके हैं और राज्य को मौजूदा हालात से बाहर निकालने के लिए एक मजबूत एवं निर्णायक सरकार की आवश्यकता है। पंजाब के लोगों की उम्मीदें अब भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब को दोबारा तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर लाने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने, उद्योगों को बढ़ावा देने और राज्य में कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए डबल इंजन की सरकार बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में एक ही विचारधारा की सरकार होने से पंजाब के विकास को नई गति मिलेगी और राज्य को दोबारा खुशहाल बनाने का रास्ता प्रशस्त होगा। इस अवसर पर हंसपिंदर सिंह, प्रधान ट्रक यूनियन संदौड़, सिकंदर सिंह खुर्द, जसविंदर सिंह खुर्द, सुखदेव सिंह चीमा, बलवीर सिंह नंबरदार, कैप्टन बलविंदर सिंह, सुखवीर सिंह नंबरदार, हरजीत सिंह सरपंच एवं पूर्व चेयरमैन, बलवंत सिंह कैनेडियन, मोहम्मद आमिर मलेरकोटला, सुरिंदर सिंह रटोलां, बहादर सिंह प्रधान, करम सिंह चेयरमैन, बलजिंदर सिंह, लियाकत अली सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति भाजपा में शामिल हुए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments