संगीत और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के माध्यम से देशभक्ति की भावना को जीवंत रखने का आह्वान
चंडीगढ़ । वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन ने आज सेक्टर 50 स्थित कम्युनिटी सेंटर में सीनियर सिटीजन्स सिंगर्स एंड आर्टिस्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित विशेष स्वतंत्रता दिवस संगीत कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर अपने संबोधन में संजय टंडन ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे कला, संगीत और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के माध्यम से देशभक्ति की भावना को जीवंत रखें तथा शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करें। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संगीत के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों और कलाकारों को एक मंच पर लाने की एसोसिएशन की पहल की सराहना की। टंडन ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस केवल कैलेंडर की एक तारीख नहीं है, बल्कि यह उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों को याद करने और उन्हें नमन करने का अवसर है, जिनके बलिदानों के कारण हमें स्वतंत्र राष्ट्र में रहने का अवसर मिला। देशभक्ति के गीत उन बलिदानों की स्मृतियों को जीवंत रखते हैं और युवा पीढ़ी को उस स्वतंत्रता और जिम्मेदारियों का महत्व समझने के लिए प्रेरित करते हैं, जो हमें अनगिनत बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा, “जब वरिष्ठ नागरिक संगीत के माध्यम से एकजुट होकर राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम को व्यक्त करते हैं, तो वे समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उनका उत्साह और समर्पण हमें याद दिलाता है कि देशभक्ति उम्र की सीमाओं से परे है और जीवन भर कायम रहने वाली भावना है। एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल त्रिखा ने कहा कि एसोसिएशन का मानना था कि स्वतंत्रता दिवस को उन वीरों की स्मृति में एक विशेष संगीत कार्यक्रम के माध्यम से भी मनाया जाना चाहिए, जिन्होंने भारत को अंग्रेज़ों के शासन की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा, “हम उन वीर पुरुषों और महिलाओं को याद करना चाहते थे, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। देश भक्ति के गीतों के माध्यम से अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने से बेहतर और क्या तरीका हो सकता है। करीब 40 गायकों ने एकजुट होकर राष्ट्र के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ़ ऑनर के रूप में शिरकत की, जबकि वार्ड 35 के पार्षद राजेंद्र शर्मा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। गायक के.एस. चटवाल, जो पिछले 25 वर्षों से प्रत्येक स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के गीत प्रस्तुत करते आ रहे हैं, ने “होंठों पे सच्चाई रहती है, जहां दिल में सफाई रहती है” गीत की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल त्रिखा ने “मेरा रंग दे बसंती चोला”, एसोसिएशन के वित्तीय सचिव डॉ. विनोद कपिला ने “ऐ जाते हुए लम्हों”, उपाध्यक्ष राकेश जेठी ने “आ आ लौट चलें”, बी.बी. मल्होत्रा ने “मेरे देश की धरती” और प्रवीण कुमार ने “आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की” प्रस्तुत किया। अन्य गायकों ने भी लोकप्रिय देशभक्ति एवं प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किए। इनमें तरसेम राज ने “ऐ मेरे प्यारे वतन”, पवन शर्मा ने “इंसाफ की डगर पे बच्चों दिखाओ चल कर”, अनीता त्रिखा ने “फिर भी दिल है हिंदुस्तानी” और नीरू अग्निहोत्री ने “तोरा मन दर्पण कहलाए” प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के महासचिव अश्वनी शर्मा, सलाहकार यश पाल तिवारी, सलाहकार विनोद शर्मा, सलाहकार बी.बी. मल्होत्रा तथा संयोजक अशोक बंसल सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

