पंचकूला। गुजरात के ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण (11 मई 1951) के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पुरुषोत्तम दास रुंगटा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा फेज़-I, पंचकूला इंडस्ट्रियल एरिया में 214वें ‘अन्न भंडारे’ का आयोजन किया गया। इस अवसर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ट्रस्ट के संस्थापक एवं समाजसेवी अमिताभ रुंगटा ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारतीय संस्कृति, आस्था और पुनर्जागरण का प्रतीक है। इसके पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होना देशवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे पावन अवसर पर अन्न भंडारे का आयोजन सेवा, परोपकार और मानवता के सर्वोच्च मूल्यों को दर्शाता है। उन्होंने समाज के अन्य लोगों से भी आग्रह किया कि वे ऐसे शुभ अवसरों पर अन्न भंडारों का आयोजन कर समाजसेवा में योगदान दें। अन्न भंडारे में स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा बड़ी संख्या में लोगों को ताज़ा भोजन परोसा गया। इस आयोजन ने सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया।

