चंडीगढ़। सेक्टर-32 स्थित गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म कॉलेज के स्टूडेंट्स को पंजाब यूनिवर्सिटी के युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित वार्षिक समारोह 2026 में सम्मानित किया गया। इन समारोह में उन छात्र कलाकारों को सम्मान मिला जिन्होंने एआईयू इंटर-यूनिवर्सिटी नेशनल यूथ फेस्टिवल, एआईयू नॉर्थ ज़ोन यूथ फेस्टिवल और पंजाब स्टेट इंटर-यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यूनिवर्सिटी का नाम रोशन किया। जीजीडीएसडी कॉलेज ने एक बार फिर अपनी सांस्कृतिक श्रेष्ठता का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में पुरस्कार हासिल किए। सम्मानित किए गए स्टूडेंट्स में कार्टूनिंग में नंदन, भांगड़ा में साई अर्पण, गौरव और मनजिंदर सिंह तथा फोक ऑर्केस्ट्रा में ब्रह्मप्रीत सिंह, बिसमन कौर, मंकारा सिंह कलसी, नवदीप सिंह, निमरत कौर, गर्व पाटियाल, गुमनूर कौर, रहत कौर, अक्षदीप सिंह, अगम सिंह खालसा, हर्षदीप सिंह और गुरप्रीत गुरी शामिल रहे। यह उपलब्धि कॉलेज की सांस्कृतिक परंपरा और स्टूडेंट्स की प्रतिभा को निरंतर प्रोत्साहन देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसी कड़ी में कॉलेज ने एएस कॉलेज, खन्ना में आयोजित प्रतिष्ठित पंजाब यूनिवर्सिटी इंटर-ज़ोनल यूथ फेस्टिवल में वाइस-चांसलर फर्स्ट रनर-अप ट्रॉफी भी हासिल कर अपनी उपलब्धियों में एक और मुकाम जोड़ा। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अजय शर्मा ने स्टूडेंट्स और शिक्षकों को इस उल्लेखनीय सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि संस्थान को-करिकुलर और शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्टता के साथ समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। कॉलेज अपनी सृजनात्मकता, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की परंपरा को कायम रखते हुए पंजाब यूनिवर्सिटी की सांस्कृतिक उपलब्धियों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।

