पत्रकारों के हितों की रक्षा और प्रेस क्लब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लिया संकल्प, पूर्व प्रधान मनिंदर सिंह का किया सम्मान
जीरकपुर । प्रेस क्लब जीरकपुर 8004 की पुरानी कार्यकारिणी को भंग करते हुए नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार बलविंदर वर्मा (विक्की) को प्रेस क्लब जीरकपुर 8004 का नया प्रधान चुना गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के सभी सदस्यों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें पत्रकारों के हितों, संगठन की मजबूती और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।नव-निर्वाचित प्रधान बलविंदर वर्मा विक्की ने अपने संबोधन में कहा कि प्रेस क्लब जीरकपुर 8004 को और अधिक मजबूत तथा सक्रिय बनाने के लिए वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि क्लब के सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा और पत्रकारों के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज को सही दिशा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेस क्लब हमेशा अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय या दुर्व्यवहार होने पर प्रेस क्लब मजबूती से उसके साथ खड़ा रहेगा।इस दौरान बलविंदर वर्मा विक्की ने पूर्व प्रधान मनिंदर सिंह द्वारा पिछले एक वर्ष के दौरान प्रेस क्लब के विकास और पत्रकारों के हित में किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने मनिंदर सिंह को उनके योगदान के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्लब ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन्हें आगे भी जारी रखा जाएगा।बैठक में संगठन की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। नव-निर्वाचित प्रधान ने स्पष्ट किया कि प्रेस क्लब जीरकपुर 8004 का कोई भी सदस्य यदि किसी अवैध गतिविधि या संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले कार्य में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को बधाई दी और संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। नई कार्यकारिणी के गठन से क्लब के सदस्यों में उत्साह का माहौल देखा गया और उम्मीद जताई गई कि आने वाले समय में प्रेस क्लब जीरकपुर 8004 पत्रकारों की आवाज को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाएगा।

