चन्नी के घर हुई बैठक पर भाजपा नेता का कटाक्ष “जो अपनी पार्टी नहीं संभाल पा रहे, वे पंजाब को क्या संभालेंगे

अमृतसर। अमृतसर उत्तरी विधानसभा से भाजपा नेता अक्षय शर्मा ने पंजाब कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के आवास पर हुई बैठक से पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को लगातार पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पार्टी दो धड़ों में बंट चुकी है।अक्षय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता एक ओर पंजाब में सरकार बनाने के दावे कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर मुख्यमंत्री की कुर्सी और नेतृत्व की दौड़ में उलझे हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरी खींचतान में पंजाब के असली मुद्दे और जनता का एजेंडा पूरी तरह गायब हो गया है।शर्मा ने कहा, “जो नेता अपनी पार्टी को एकजुट नहीं रख पा रहे, वे पंजाब को कैसे संभालेंगे? कांग्रेस आज नेतृत्व संकट और आपसी गुटबाजी से घिरी हुई है।

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब की जनता विकास, रोजगार, कानून-व्यवस्था और नशे जैसे मुद्दों पर जवाब चाहती है, लेकिन कांग्रेस इन मुद्दों की बजाय आंतरिक राजनीति में उलझी हुई है। शर्मा ने दावा किया कि यही कारण है कि प्रदेश की जनता का कांग्रेस पर से लगातार भरोसा कम होता जा रहा है।अक्षय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस में हमेशा से ही कुर्सी की खींचतान चलती आ रही है इसीलिए देश में बीजेपी को समर्थन मिलता जा रहा है वहीं अब पंजाब निवासियों को भी समझ आ गया है कि पंजाब की भलाई के लिए बीजेपी इकलौती पार्टी है इसीलिए 2027 में इस पर मुहर लगाकर लोग पंजाब को फिर तरक्की की राह पर चलाएंगे।

