Monday, October 12, 2026
HomeSocial Workशम्मी मोहाली पर सिद्धू ब्रदर्स की मेहरबानी! जल्द मिल सकती है कांग्रेस...

शम्मी मोहाली पर सिद्धू ब्रदर्स की मेहरबानी! जल्द मिल सकती है कांग्रेस पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी

पूर्व मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू बोले— शम्मी मेहनती और समाजसेवा के प्रति समर्पित युवा, जगतपुरा में रक्तदान शिविर के दौरान 150 यूनिट रक्त एकत्रित, बारिश के बावजूद युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

मोहाली । समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय शम्मी मोहाली की ओर से रविवार को जगतपुरा स्थित द हेरिटेज स्कूल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। बारिश के मौसम के बावजूद युवाओं और रक्तदानियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शिविर में रक्तदान करने के लिए बड़ी संख्या में युवा पहुंचे और कुल 150 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। सरकारी अस्पताल सेक्टर-16, चंडीगढ़ की मेडिकल टीम ने शिविर में अपनी सेवाएं देकर रक्तदान शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर में पूर्व मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू, बलबीर सिंह सिद्धू, कमलजीत रूबी सिद्धू, बाबा शेर सिंह, मनिंदर सिंह और कर्नल जसदीप सिंह सिद्धू सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने शम्मी मोहाली की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की और युवाओं को मानवता की सेवा के लिए आगे आने का संदेश दिया।

सिद्धू ब्रदर्स ने की शम्मी के प्रयासों की सराहना, बड़ी जिम्मेदारी मिलने के संकेत

रक्तदान शिविर के दौरान पूर्व मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने शम्मी मोहाली की सराहना करते हुए कहा कि शम्मी एक मेहनती, सक्रिय और समाज के प्रति समर्पित युवा हैं। वह पिछले कई वर्षों से लगातार रक्तदान शिविरों सहित विभिन्न सामाजिक कार्यों में योगदान दे रहे हैं। ऐसे युवाओं को प्रोत्साहित करना जरूरी है, जो समाज की भलाई के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी में शम्मी मोहाली को किसी पद या बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने के सवाल पर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की असली पहचान उसके काम से बनती है। शम्मी मेहनत कर रहे हैं और समाज के बीच अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी की ओर से उन्हें जल्द ही कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में शम्मी मोहाली को कांग्रेस में महत्वपूर्ण भूमिका मिलने की चर्चाओं को बल मिला है।

बारिश भी नहीं डिगा सकी रक्तदानियों का हौसला

रविवार को बारिश के बावजूद रक्तदान शिविर में युवाओं की भागीदारी उत्साहजनक रही। रक्तदानियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए मानवता की सेवा का संदेश दिया। शिविर में पहुंचे लोगों ने शम्मी जगतपुरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध करवाने की दिशा में इस तरह के आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। सरकारी अस्पताल सेक्टर-16 की मेडिकल टीम ने रक्तदान की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाया। शिविर के माध्यम से एकत्रित 150 यूनिट रक्त जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए उपयोगी साबित होगा।

नशे के खिलाफ भी सक्रिय हैं शम्मी जगतपुरा

शम्मी मोहाली ने कहा कि वह युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जगतपुरा क्षेत्र में नशे की बिक्री रोकने के लिए पुलिस के सहयोग से आवश्यक कार्रवाई करवाने का प्रयास किया जाता है। उनका उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाना और उन्हें समाजसेवा के कार्यों के साथ जोड़ना है।
इस अवसर पर नशे की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की गई। पूर्व मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

समाजसेवा के कार्य आगे भी रहेंगे जारी

शम्मी मोहाली ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसी भावना के साथ वह भविष्य में भी रक्तदान शिविरों और अन्य जनहित के कार्यों को जारी रखेंगे। शिविर में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने रक्तदानियों के जज्बे की सराहना की और लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा समाजहित के कार्यों में अपना योगदान देने की अपील की। बारिश के बीच 150 यूनिट रक्त एकत्रित होना शिविर की सफलता और युवाओं की समाजसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments