चंडीगढ़ । रेनो ग्रुप की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी रेनो इंडिया ने आज चंडीगढ़ और पंचकूला में अपने पहले दो ‘न्यू’आर’ स्टोर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही कंपनी ने पंजाब और हरियाणा में अपने रिटेल नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। चंडीगढ़ और पंचकूला स्थित इन दोनों ‘न्यू’आर’ स्टोर का संचालन जोशी मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड कर रही है। यह जोशी ग्रुप का हिस्सा है और चंडीगढ़ ट्राइसिटी में लगभग चार दशक से ऑटोमोबाइल रिटेल कारोबार में सक्रिय है। चंडीगढ़ ट्राइसिटी में पहले ‘न्यू’आर’ स्टोर खुलने के साथ ही रेनो इंडिया देशभर में अपने नए रिटेल फॉर्मेट का तेजी से विस्तार कर रही है। हाल ही में हैदराबाद में भी कंपनी ने एक ‘न्यू’आर’ स्टोर का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के अवसर पर रेनो ग्रुप इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) स्टेफेन डेब्लेज ने कहा, “भारत रेनो ग्रुप के लिए दीर्घकालिक प्रतिबद्धता वाला बाजार है और हमारी ‘फ्यूचररेडी’ (futuREady) रणनीति में भारत को वैश्विक विकास योजना के केंद्र में रखा गया है। हालांकि, महत्वाकांक्षाओं को जमीन पर उतारना भी उतना ही जरूरी है। चंडीगढ़ और पंचकूला में नए ‘न्यू’आर’ स्टोर का उद्घाटन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारी सफलता के लिए मजबूत और उद्यमशील साझेदारों की अहम भूमिका है। जोशी ग्रुप के रूप में हमें ऐसा साझेदार मिला है, जिसकी इस बाजार में गहरी पकड़ है और जो भारत में रेनो के नए सफर को आगे बढ़ाने की साझा महत्वाकांक्षा रखता है। फ्यूचररेडी इंडिया’ रणनीति के तहत रेनो देश में अपनी दीर्घकालिक विकास योजनाओं को गति दे रही है। कंपनी की योजना 2030 तक भारत में सात मॉडल पेश करने की है। इसके लिए आंतरिक दहन इंजन (आईसीई), हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन वाले मल्टी-एनर्जी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी का लक्ष्य भारत को वैश्विक स्तर पर रेनो के शीर्ष तीन बाजारों में शामिल करना है। रेनो ग्रुप के लिए भारत का महत्व घरेलू ऑटोमोबाइल बाजार तक सीमित नहीं है। चेन्नई में कंपनी के सबसे बड़े इंजीनियरिंग केंद्रों में से एक स्थित है, जहां करीब 6,000 इंजीनियर काम करते हैं। इसके अलावा, रेनो ग्रुप अब चेन्नई स्थित अपने विनिर्माण संयंत्र का भी पूर्ण स्वामित्व रखता है। इन क्षमताओं के साथ भारत रेनो ग्रुप के लिए विकास बाजार के अलावा इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी केंद्र और औद्योगिक व निर्यात केंद्र के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कंपनी की ये महत्वाकांक्षाएं नए उत्पादों के जरिये भी दिखाई दे रही हैं। ‘#रीचार्ज’ (#recharge) पहल के तहत रेनो इंडिया ने 18 महीनों में 12 उत्पाद संबंधी कदम उठाने की घोषणा की है। अपडेटेड क्विड, ट्राइबर 100 पीएस और डस्टर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड ई-टेक पहले ही बाजार में उतारे जा चुके हैं। आने वाले समय में कंपनी और नए उत्पाद पेश करेगी। रेनो के विकास के अगले चरण में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ ट्राइसिटी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस क्षेत्र में सरकारी और रक्षा क्षेत्र के कर्मचारी, सेवानिवृत्त लोग, वित्तीय एवं आईटी क्षेत्र के पेशेवरों के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा के समृद्ध कृषि क्षेत्र से जुड़े ग्राहक शामिल हैं। यहां ग्राहकों में एसयूवी, आधुनिक तकनीक और प्रीमियम उत्पादों के प्रति खास आकर्षण है। ऐसे में यह बाजार रेनो की नई पीढ़ी के उत्पादों के लिए काफी अनुकूल है। डस्टर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड ई-टेक 160 इस बाजार की जरूरतों के लिहाज से विशेष रूप से उपयुक्त है। इसमें एसयूवी की बहुउपयोगिता के साथ इलेक्ट्रिफाइड ड्राइविंग का अनुभव मिलता है और इसके लिए बाहरी चार्जिंग पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। 160 पीएस की ताकत, एआरएआई से प्रमाणित 29 किलोमीटर प्रति लीटर की ईंधन दक्षता और शहर में 80 प्रतिशत तक दूरी इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) मोड में तय करने की क्षमता इसे तकनीक, प्रदर्शन और ईंधन दक्षता का बेहतर संयोजन बनाती है। उद्घाटन समारोह के दौरान स्टेफेन डेब्लेज ने चंडीगढ़ ट्राइसिटी में डस्टर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड ई-टेक 160 की पहली गाड़ी की चाबी ग्राहक को सौंपी। ‘न्यू’आर’ स्टोर में रेनो के नए उत्पादों के साथ ग्राहकों को आधुनिक और बेहतर अनुभव देने की व्यवस्था की गई है। कंपनी के नवीनतम वैश्विक रिटेल मानकों के अनुरूप तैयार इन स्टोर में वाहनों को प्रमुखता दी गई है। इनका डिजाइन ऐसा है कि ग्राहक रेनो ब्रांड और उसके उत्पादों को एक आधुनिक और आकर्षक माहौल में करीब से देख और समझ सकें। चंडीगढ़ स्थित स्टोर का क्षेत्रफल 5,130 वर्ग फुट है, जहां एक साथ पांच वाहन प्रदर्शित किए जा सकते हैं। वहीं, पंचकूला का स्टोर 3,055 वर्ग फुट में फैला है और इसमें चार वाहन प्रदर्शित करने की क्षमता है। रिटेल नेटवर्क में निवेश के साथ कंपनी ने चंडीगढ़ में 13,389 वर्ग फुट का नया वर्कशॉप भी शुरू किया है। इसमें 10 सर्विस बे बनाए गए हैं। इससे शोरूम के अलावा बिक्री के बाद की सेवाओं का दायरा भी बढ़ेगा और पूरे क्षेत्र में ग्राहकों को बेहतर सर्विस तथा वाहन रखरखाव की सुविधा मिलेगी। चंडीगढ़ और पंचकूला के ये केंद्र भारत में रेनो के क्रमशः 31वें और 32वें ‘न्यू’आर’ स्टोर हैं। रेनो इंडिया की योजना जुलाई 2027 तक देश के शीर्ष 24 शहरों में अपने सभी शोरूम को ‘न्यू’आर’ फॉर्मेट में बदलने की है। इन 24 शहरों से कंपनी की कुल बिक्री में लगभग आधे की हिस्सेदारी आती है। पंजाब में लुधियाना, अमृतसर और बठिंडा सहित पहले से मौजूद नेटवर्क को आगे बढ़ाते हुए रेनो जालंधर, पटियाला, संगरूर, पठानकोट और होशियारपुर में भी अपनी उपस्थिति का विस्तार करेगी। इससे कंपनी की पहुंच उन बाजारों तक बढ़ेगी, जहां टिकाऊ विकास की अच्छी संभावनाएं हैं।

