पंचकूला। अधिक मासिक शिवरात्रि के पावन अवसर पर पुरुषोत्तम दास रुंगटा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा फेज़-1, इंडस्ट्रियल एरिया, पंचकूला में अपना 219वां अन्न भंडारा आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस अवसर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ट्रस्ट के संस्थापक एवं समाजसेवी अमिताभ रुंगटा ने कहा कि अधिक मासिक शिवरात्रि का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। सनातन धर्म में अधिक मास को भगवान विष्णु का प्रिय पुरुषोत्तम मास माना जाता है, जबकि शिवरात्रि भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है। जब अधिक मास में शिवरात्रि आती है तो इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर अन्नदान और सेवा कार्यों का विशेष महत्व माना गया है। अन्न भंडारा मानव सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है और ट्रस्ट इसी भावना के साथ निरंतर जनसेवा के कार्यों में जुटा हुआ है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपने अपने स्तर पर अन्न भंडारे आयोजित करने का आह्वान किया। भंडारे के दौरान ट्रस्ट के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ सेवा कार्यों में योगदान दिया।

