चंडीगढ़ (संवाद टाइम्स)। चंडीगढ़ की सबसे बड़ी संस्था गढ़वाल सभा चंडीगढ़ के वर्ष 2024-2027 के लिए चुनाव 4 अगस्त को होने जा रहे हैं। इस बाबत उनियाल ग्रुप द्वारा सेक्टर 30 में बनाए गए चुनाव कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस को सम्बोधित करते हुए अध्यक्ष पद के उम्मीदवार कुंदन लाल उनियाल व ग्रुप के संरक्षक बीएस बिस्ट ने बताया कि यदि उनके ग्रुप को जीत हासिल होती है तो वे गढ़वाल सभा का कार्यकाल संविधान के अनुसार 3 वर्ष का सुनिश्चित करेंगे एवं गढ़वाल सभा के संविधान की अवमानना करने पर सभा के पदाधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई करने का संविधान में प्रावधान करेंगे। उन्होंने दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि आज गढ़वाल समाज कई हिस्सों में बंट चुका है जोकि बेहद अफसोसनाक है। उन्होंने कहा कि जीतने पर वे अपने पहले कि कार्यकाल की भांति समाज को एकजुट रखने की दिशा में काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में जितने काम हुए, वर्तमान पदाधिकारियों ने उसपर पानी फेर दिया व सभी विकास कार्य ठप्प कर दिए। यहाँ तक कि गढ़वाल सभा में आखिरी बार रक्तदान शिविर भी उनके पिछले कार्यकाल में ही लगा था। उन्होंने वर्षो से लंबित गढ़वाल सभा के प्रशासनिक मामलों को शीघ्रातिशीघ्र हल करवाने, गढ़वाल सभा के संसाधनों का दुरुपयोग रोकने, बिना भेदभाव के गढ़ समाज के जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं के विवाह के लिए गढ़वाल भवन निःशुल्क उपलब्ध करवाने, प्राइवेट क्षेत्र में योग्य युवक युवतियों के रोजगार के लिए रोजगार शिविरों का आयोजन करने, हर दो महीने में महिलाओं और वरिष्ट सदस्यों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करने, गढ़वाल क्षेत्र की समस्याओं के निवारण के लिए उत्तराखण्ड सरकार के समक्ष समय-समय पर संवाद स्थापित करने, गढ़ समाज की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने एवं प्रचार प्रसार के लिए समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पारम्परिक मेलों का आयोजन करने एवं ट्राईसिटी में रह रहे गढ़ प्रवासियों की जनगणना करके डायरेक्टरी प्रकाशित करवाने कि वायदे किए। उन्होंने बताया कि जीत हासिल करने कि बाद समाज कि पाँचों जिलों में महिला प्रकोष्ठों का गठन किया जायेगा।
गढ़वाल सभा के चुनाव अधिकारियों के द्वारा उनियाल ग्रुप को चुनाव चिन्ह गाय माता आवंटित किया गया है। उनियाल ग्रुप की ओर से कुन्दनलाल उनियाल के अलावा धीरज राणा वरिष्ठ उपप्रधान, अनिल जोशी उपप्रधान, स्वरूप सिह नेगी महासचिव, मस्त राम नौटियाल सचिव, जगदम्बा प्रसाद बिजल्वाण वित्त सचिव, कुँवर सिह रावत निरीक्षक, सजंय जखमोला सांस्कृतिक सचिव, संजय उनियाल मालमंत्री, जगदीश रतूड़ी, गजेन्द्र नेगी, मनोज बुडाकोटि व प्रवीण रावत संगठन सचिव के लिए खड़े हुए हैं।
गढ़वाल सभा के संसाधनों का दुरूपयोग रोकेंगे व विभिन्न हिस्सों में बंट चुके गढ़ समाज को फिर से एकजुट करेंगे : कुंदन लाल उनियाल
प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु सकलअमा द्वारा लिखित पुस्तक ‘मैसेजस फ्रॉम हिमालयन सेजेसः टाइमली एंड टाइमलेस’ पर हुई चर्चा
पुस्तक का औपचारिक विमोचन समारोह 21 जुलाई को पंजाब कला भवन में होगा
यह पुस्तक अध्यात्मवाद को रहस्य मुक्त बनाती हैः गुरु सकलअमा
चंडीगढ़ । प्रसिद्ध आध्यात्मिक और लाइफ गुरु, गुरु सकलअमा ने अपनी नवीनतम पुस्तक ‘मैसेजस फ्रॉम हिमालयन सेजेसः टाइमली एंड टाइमलेस’ से जुड़ी जानकारी पत्रकारों से साझा की और अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर चर्चा चंडीगढ़ प्रेस क्लब में की। पुस्तक का औपचारिक विमोचन समारोह 21 जुलाई को पंजाब कला भवन में होगा।
गुरु सकलअमा हिमालय के स्वामी रामा की शिष्या हैं, जिन्होंने 30 वर्ष पूर्व उन्हें श्री विद्या परंपराओं में दीक्षित किया था। श्री विद्या परंपरा श्रद्धालुओं की आध्यात्मिक चेतना को पार करके उन्हें परम वास्तविकता से जोड़ने का प्रयास करती है।
’मैसेजस फ्रॉम हिमालयन सेजसः टाइमली एंड टाइमलेस’ उनके अनुभवों का एक दस्तावेज है जो सरल शब्दों में समझाता है कि आध्यात्मिक विकास कोई रॉकेट साइंस नहीं है और एक सरल प्रणाली – श्री विद्या का पालन करके प्राप्त किया जा सकता है। इसके लिए किसी को अपने सांसारिक कर्तव्यों का त्याग करके दूर जाके तपस्या करने की आवश्यकता नहीं है। गुरु सकलअमा ने बताया कि पुस्तक के पीछे का विचार आध्यात्मिकता को रहस्य से मुक्त करना और इसे न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में हर घर तक पहुंचाना है। यह पुस्तक धर्म, जाति, नस्ल, रंग और भौगोलिक सीमाओं से परे सभी के लिए अध्यात्म के मार्ग को आसान बनाती है।
गुरु सकलअमा ने बताया कि यह पुस्तक हिमालय के ऋषियों के ज्ञान और शिक्षाओं पर प्रकाश डालती है, तथा प्राचीन प्रथाओं और समकालीन समय में उनकी प्रासंगिकता के बीच संबंध स्थापित करती है। हमें लोगों को आध्यात्मिक रूप से प्रगति करने, मन और शरीर दोनों को स्वस्थ बनाकर जीवन में संतुलन बनाने की आवश्यकता के बारे में जागरूक करने की आवश्यकता है ।
उन्होंने आगे कहा कि इस पुस्तक में हिमालय के ऋषि वंश की पवित्र शिक्षाओं और दक्षिण भारत की श्री विद्यारण्य भारती परंपरा को स्पष्ट रूप से एक साथ पिरोने की कोशिश की गई है। यह ध्यान देने वाली बात है कि श्री विद्यारण्य भारती परंपरा आध्यात्मिक और वेदान्तिक विचारों में अपने योगदान के लिए जानी जाती है।
गुरु सकलअमा ने इस पुस्तक में अपने निजी अनुभवों का खजाना साझा किया है। यह अनुभव उन्होंने तीन दशकों के समर्पित अभ्यास के दौरान अर्जित किया , और यह उनके हिमालय के आध्यात्मिक दिग्गजों के साथ अंतरंग मुलाकातों पर आधारित है।
गुरु सकलअमा ने कहा कि यह पुस्तक पाठकों को हमारे ऋषियों की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के बारे में जानकारी देती है । इस किताब के मूल में व्यापक ‘ऋषि वंश’ की स्थायी शक्ति का प्रमाण है जो मानवता का मार्गदर्शन करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि पुस्तक पाठकों को आत्म-खोज और आध्यात्मिक जागृति के मार्ग पर ले जाती है, तथा उन्हें अपने भीतर ऋषियों की शाश्वत प्रतिध्वनियों की खोज करने का अवसर देती है।
उल्लेखनीय है कि गुरु सकलअमा , साधना संगम ट्रस्ट कीे संस्थापक निदेशक और पूर्व अध्यक्ष हैं।
गुरु सकलअमा ने आगे बताया कि पुस्तक यह संदेश देती है कि अपनी वर्तमान जीवनशैली को बिगाड़े बिना कोई भी व्यक्ति साधना का मार्ग अपना सकता है और उन मानसिक सीमाओं से ऊपर उठ सकता है जो वर्तमान अस्वस्थ जीवनशैली के लिए जिम्मेदार हैं।
उन्होंने बताया कि पुस्तक का औपचारिक विमोचन समारोह 21 जुलाई को पंजाब कला भवन में किया जाएगा, इसमें एक सहज कला प्रदर्शन होगा, जिसमें वह अपने जीवन के एक मार्मिक क्षण का वर्णन करेंगी, जिसे प्रसिद्ध कलाकार और वास्तुकार करणदीप सिंह बाजवा एक मिनट के स्केच में कुशलता से कैद करेंगे। इसके अलावा, एक प्रोडक्शन, ’द गाइडिंग ड्रीमः ए जर्नी विद सेज दुर्वासा’ गौरवप्रीत सिंह बाजवा के असाधारण अनुभव को दर्शाएगा, जिन्होने एक ज्वलंत और परिवर्तनकारी सपने में महान ऋषि दुर्वासा का सामना किया। उन्होंने बताया कि गौरवप्रीत उनके शिष्य हैं। उन्होंने बताया कि उनके स्वयं द्वारा परिकल्पित और डिजाइन किए गए अलौकिक ’मिस्टिक मून सैल्यूटेशन’ (चंद्रकला नमस्कार) को भी गौरवप्रीत द्वारा प्रदर्शित किया जाएगा । गौरवप्रीत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित योग प्रतिपादक भी हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर राज्य सभा सदस्य पद्मश्री संत बलवीर सिंह सीचेवाल तथा हास्य कलाकार व राजनेता गुरप्रीत सिंह घुग्गी मौजूद रहेंगे।
देश की अदालतों में महिलाओं के इंसाफ की लड़ाई लड़ेगी दिशा वूमैन वेलफेयर ट्रस्ट:हरदीप कौर
चंडीगढ़। पंजाब सहित समूचे देश में महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई लडऩे वाली दिशा वूमैन वेलफेयर ट्रस्ट ने अब देशभर की अदालतों में महिलाओं के इंसाफ की लड़ाई लडऩे का ऐलान किया है। जिसके चलते ट्रस्ट के साथ अब हाईकोर्ट तथा जिला अदालतों में प्रैक्टिस करने वाली महिला वकीलों का पैनल आ गया है। जो महिलाओं के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को अदालतों में लडक़र महिलाओं व समाज के दबे-कुचले वर्ग को इंसाफ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
दिशा वूमैन वेलफेयर ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष हरदीप कौर ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूर्व जिला जज एवं हाईकोर्ट की वकील बिसमन मान, पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की वरिष्ठ वकील रिंपलजीत कौर, चंडीगढ़ कोर्ट की वरिष्ठ वकील नीकिता शर्मा तथा मोहाली की वकील रूपिंदर पाल कौर को ट्रस्ट की लीगल कमेटी में बतौर सदस्य नियुक्त किया।
इस अवसर पर बोलते हुए हरदीप कौर ने कहा कि पंजाब में किए सर्वे के दौरान यह बात सामने आई है कि बहुत सी महिलाएं सही गाइडेंस के अभाव में अपने केस हार जाती हैं या अदालती चक्करों से दूर भाग जाती हैं। ऐसी महिलाओं की मदद के लिए दिशा के वकीलों का पैनल उन्हें मुफ्त परामर्श देगा। हरदीप कौर ने कहा कि महिला वकीलों की मदद से समय-समय गांवों में कानूनी जागरूकता कैंप लगाकर महिलाओं को उनके सामाजिक व कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर बोलते हुए पूर्व जिला जज एवं हाईकोर्ट की वकील बिसमन मान ने कहा कि आज भी महिलाएं किसी भी केस के बारे में डिसकस करते हुए पुरूष वकीलों से झिजकती हैं। उनका प्रयास होगा कि महिलाओं को सुलभ इंसाफ दिलाने में वह अपने अनुभव का इस्तेमाल करें।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की वरिष्ठ वकील रिंपलजीत कौर ने कहा कि बहुत सी महिलाएं हाईकोर्ट के नाम से ही घबराकर अपनी लड़ाई को लड़े बगैर ही हार मान लेती हैं। यही नहीं आम जनता को भी आज अपने मौलिक अधिकारों के बारे में जानकारी नहीं होने के कारण वह अपने हितों की रक्षा नहीं कर पाते हैं। चंडीगढ़ कोर्ट की वरिष्ठ वकील नीकिता शर्मा ने कहा कि चंडीगढ़ भले ही देश के जागरूक शहरों में से एक है लेकिन यहां पर भी कानूनी जागरूकता का अभाव है। मोहाली की वकील रूपिंदर पाल कौर ने कहा कि वह ग्रामीण अंचल से आती हैं। गांवों में पढ़ी-लिखी महिलाएं होने के बावजूद उनके मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है। इस अवसर पर दिशा वूमैन वेलफेयर ट्रस्ट की चेयरपर्सन डॉक्टर रिमी सिंगला , जनरल सेक्रेटरी मनदीप कौर, रणबीर कौर, प्रसिद्ध गायिका आर दीप रमन, मैडम समाज सेवी सतिंदर कौर, गुनीत कौर , डिंपल , उमर रावत, मनप्रीत कौर, सिमरन कौर और पिंकी समेत कई गणमान्य मौजूद थे ।
बुडो काई डू मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के खिलाड़ियों ने गोपाल मूर्ति फाउंडेशन और विश्वास फाउंडेशन के साथ मिलकर लगाए पौधे
पंचकूला । बुडो काई डू मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के खिलाड़ियों द्वारा शनिवार को गोपाल मूर्ति फाउंडेशन और विश्वास फाउंडेशन के साथ मिलकर सरकारी हाई स्कूल सेक्टर 17 पंचकूला और आशियाना स्कूल सेक्टर 20, पंचकूला में पौधरोपण अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष शरणजीत सिंह ने पर्यावरण के लिए जागरूक और इस भले काम में उनका साथ देने वाले सभी खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया। इसके साथ ही उन्होंने गोपाल मूर्ति फाउंडेशन और विश्वास फाउंडेशन का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने हर समय उनका साथ दिया है। उन्होंने कहा कि आज हमने 11 किस्म के औषधीय पौधे लगाए है, जिसमें बेल, आम, आंवला, इमली, जामुन, सहजन, चमेली, गुलमोहर, बेर व जंगली नीम शामिल है। इस मोके गोपाल मूर्ति फाउंडेशन की डायरेक्टर सारिका तिवारी ने कहा कि उनका मकसद हरियाली के प्रति समाज में जागरुकता बढ़ाना और पर्यावरण संतुलन में योगदान देना है।

विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि पौधारोपण कार्यक्रम के मार्गदर्शन में संस्था की सभी अनुयायीओं ने संयुक्त रूप से मिलकर पौधा रोपण किया।
इस अवसर पर अध्यापकों और बच्चों को पौधे गिफ्ट किए गए, ताकि हमारा पर्यावरण ठीक हो सके। इस अवसर पर सरकारी संस्कृति प्राइमरी स्कूल सेक्टर 17 के हेड मास्टर नरेंद्र वर्मा व रामफल शर्मा, सरकारी संस्कृति प्राइमरी स्कूल की प्रिंसीपल पिंकी, कोच रविंदर पाल शर्मा, गोपाल मूर्ति फाउंडेशन से पुरनूर सहित फेडरेशन के खिलाड़ी एकमवीर सिंह, आकाश राणा, जसविंदर कुमार, मनप्रीत सिंह सामरा, हैप्पी सिंह, अर्शदीप सिंह, जग राज सिंह, नवजोत सिंह, प्रदीप कुमार, अवतार सिंह,
हरविंदर सिंह और जसकरनदीप सिंह भी मौजूद रहे।
हंसाली रन 2024 को गुरुद्वारा सिंह शहीदां सोहाना मोहाली से पहले प्रोमो रन को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया
मोहाली । संत बाबा परमजीत सिंह और हंसाली साहिब ट्रस्ट तथा गुरुद्वारा सिंह शहीदां सोहाना द्वारा आयोजित हंसाली रन 2024 के लिए 3 किमी और 5 किमी के पहले प्रोमो रन में मोहाली के विभिन्न शहरों, सभी आयु वर्गों से उल्लेखनीय भागीदारी देखी गई। इंडिया रन फेस्टिवल के प्रमोटर दीपिंदर शेरगिल ने बताया कि गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व और संत बाबा अजीत सिंह हंसाली की स्मृति में हंसाली रन चिप टाइम फुल मैराथन 15 नवंबर 2024 को हंसाली साहिब में आयोजित की जाएगी। हंसाली ने स्तन कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का समर्थन और प्रसार किया तथा युवा पुरुषों और महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करके सामुदायिक स्वास्थ्य में क्रांतिकारी बदलाव लाया। यह आयोजन जीतो और नरगिस दत्त फाउंडेशन के सहयोग से की पहल है। अतिथियों में स्थानीय प्रशासन से कुछ मशहूर हस्तियां और गणमान्य व्यक्ति शामिल थे और संत बाबा परमजीत सिंह हंसाली और एस. मोहनबीर सिंह शेरगिल, चेयरमैन पैरागॉन 69 स्कूल और नन्हे मानके प्लेवे स्कूल के आशीर्वाद के साथ ध्वजारोहण किया गया। शहीद बाबा दीप सिंह अखाड़ा समूह द्वारा निहांग सिंह के सुसज्जित घोड़ों और शस्त्रों की शानदार उपस्थिति के साथ एक उल्लेखनीय गतका प्रदर्शन किया गया। एसएएस नगर पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने दिल से समूह के साइकिलिंग मार्शलों सहित भाग लेने वाले धावकों के लिए सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात प्रबंधन के लिए सुविधाजनक व्यवस्था की। मार्ग को टॉर्क्स ,जल और फास्ट एंड अप द्वारा कई हाइड्रेशन स्टेशनों, लिवासा द्वारा चिकित्सा सहायता और , माइंडस्केचर्स, सवरीत स्टाइलिंग होम्स, फिजिक्स वाला, एजियोलॉजी, सोल कनेक्शन, सच दी आवाज, ट्राईसाइफर, ऑटो रूट और ऑक्सीजोन फिटनेस एंड स्पा के प्रबंधन और कर्मचारियों की टीम से अच्छी तरह से सुसज्जित किया गया था। 3 किमी और 5 किमी दौड़ में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को फिटक्लब की ओर से ई-सर्टिफिकेट और बॉन, कॉर्निटोस और रोटरी क्लब मोहाली की ओर से जलपान दिया गया। विजेता प्रतिभागियों को बैंगी की ओर से उपहार भी दिए गए।
एमटीवी स्प्लिट्सविला एक्स 5 – एक्सयूज़ मी प्लीज़ के प्रतियोगी लक्ष्य, उन्नति और दिग्विजय चंडीगढ़ में अपने फैन्स से मिले
एमटीवी स्प्लिट्सविला एक्स 5: एक्सयूज़ मी प्लीज़ के इस सीजन की चर्चा पूरे शहर में है। यह अपने विविध और जीवंत प्रतियोगियों के साथ पूरे देश में दर्शकों को आकर्षित कर रहा है। ग्रैंड फिनाले की ओर हर बढ़ते कदम के साथ रोमांच भी बढ़ता जा रहा है। इसी बीच लोकप्रिय प्रतियोगी दिग्विजय, उन्नति और लक्ष्य अपने फैन्स से मिलने और उनसे बात करने के लिए चंडीगढ़ पहुँचे। उनके शहर में आते ही हलचल मच गई, और एमटीवी स्प्लिट्सविला की भावना जीवंत हो उठी, तथा बहुप्रतीक्षित फिनाले की ओर बढ़ने का जोश और भी ज़्यादा बढ़ गया। एमटीवी स्प्लिट्सविला का उत्साह बढ़ाते हुए दिग्विजय, उन्नति और लक्ष्य ने विभिन्न लोकप्रिय स्थानों पर अपने फैन्स से बात की। शहर में उनका सफर सीजीसी लैंड्रान से शुरू हुआ, जहाँ वो 800 से अधिक उत्साहित फैन्स से मिले, उन्हें बिहाइंड-द-सीन स्टोरीज़ बताईं, उनके विचित्र सवालों के साथ एक ओपन फोरम का आयोजन किया तथा दिल खोलकर डांस करते हुए फिनाले की उत्सुकता और ज़्यादा बढ़ा दी। अगले दिन, सीपी67 मॉल, मोहाली में एक डायनामिक मॉल एक्टिवेशन ने समाँ बांध दिया। यहाँ 1500 से ज़्यादा फैन्स ने ज़ोरदार नारे लगाकर दिग्विजय और उन्नति की जीत की कामना की। उन्होंने टाइटल ट्रैक “वाह जी वाह” पर डांस किया और फैन्स के अनेकों सवालों के जवाब दिए। इस शहर से मिले अपार स्नेह ने स्प्लिट्सविलेन्स को भावुक कर दिया और उन्हें हमेशा याद रहने वाली यादें मिलीं।
दिग्विजय ने कहा कि चंडीगढ़ मेरा घर है। यहाँ हमारा जो उत्साह से स्वागत किया गया, उससे मुझे बहुत खुशी मिली। हमारे फैन्स ने हमें ढेर सारा प्यार और स्नेह दिया। वो हमारा कितनी गहराई से समर्थन करते हैं, यह देखकर हमारा मनोबल बढ़ जाता है। हमें काफी सम्मानित महसूस होता है।
उन्नति ने कहा कि चंडीगढ़ में अपने फैन्स के बीच आकर और उन्हें अपने सफर के बारे में बताकर मुझे बहुत अच्छा लगा। उनकी ऊर्जा और उत्साह देखकर दिल खुशी से भर गया। इन जीवंत लोगों से बात करना और उनका सहयोग प्राप्त करना स्प्लिट्सविला में मेरे सफर का सबसे आकर्षक लम्हा है।
लक्ष्य ने कहा कि अपने फैन्स से मिलना और फिनाले के लिए उनका उत्साह महसूस करना एक अद्भुत अनुभव था। चंडीगढ़ में बहुत ऊर्जा है। हमारी यह यात्रा यादगार रही। उनकी मुस्कुराहट और उनके जोशीले नारों ने दिखा दिया कि इस शो ने यहाँ कितना गहरा प्रभाव छोड़ा है। हमारे फैन्स से इस मुलाक़ात ने हमारी पूरी मेहनत को सफल बना दिया।
कंप्यूटर लैब सहायक वेलफेयर एसोसिएशन अपनी मांगों को लेकर पहुंची पंचकूला
पंचकूला (संवाद टाइम्स) । कंप्यूटर लैब सहायक कर्मचारी हरियाणा के सरकारी स्कूलों में 2011 यानी पिछले 13 वर्षों से कार्यरत हैं । जिनका वेतन मात्र 12000 रुपए है । इनको न तो गर्मी व सर्दी की छुट्टियों का वेतन दिया जाता है न कोई मेडिकल लाभ मिलता है और न ही सालाना इंक्रिमेंट दिया जाता है । 12 हज़ार वेतन होने के साथ साथ जो वेतन है वो भी तीन से चार महीने के वाद मिलता है । हरियाणा के 2200 कंप्यूटर लैब सहायक हरियाणा सरकार के हर मंत्री,शिक्षा विभाग के हर ऑफ़िसर के पास अपनी मांगों की गुहार लगा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ । कंप्यूटर लैब सहायक कर्मचारियों की मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से यही प्रार्थना है कि कंप्यूटर लैब सहायकों को पक्का किया जाए और उनकी नौकरी 58 साल के लिये सुरक्षित की जाएं, एक सम्मान जनक वेतन दिया जाए, जिसमें अपने परिवार का गुज़ारा हो सके । कंप्यूटर लैब सहायक इस शोषण से तंग आकर राज्य प्रधान करमजीत संधु की अध्यक्षता में 15 जुलाई से पंचकूला में शिक्षा सदन के पीछे हेफ़ेड ग्राउंड में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं तब तक धरना जारी रहेगा जब तक कंप्यूटर लैब सहायकों की मांगे पूरी हो कर आधिकारिक पत्र जारी नहीं हो जाएंगी ।
बाबू सिंह मान, हंस राज हंस और हरप्रीत सेखों का शिरोमणि गायक सुरिंदर छिंदा को समर्पित गाना ” किथे तूर गया यारा” का पोस्टर रिलीज
चंडीगढ़ । शिरोमणि गायक सुरिंदर छिंदा की पहली बरसी के मौके पर दिवंगत गायक को खास अंदाज में याद करते हुए एक गाना तैयार किया है, जिसका पोस्टर चंडीगढ़ प्रेस क्लब में जारी किया गया।
मशहूर गीतकार बाबू सिंह मान, पदम श्री हंस राज हंस और हरप्रीत सेखों ने ‘ किथे तूर गया यारा’ गाने का पोस्टर रिलीज किया। यह गाना और वीडियो 26 जुलाई को सुरिंदर छिंदा की पहली बरसी पर रिलीज किया जाएगा। इस गाने को हंस राज हंस ने गाया है और हरप्रीत सेखों ने लिखा है।
हंस राज हंस ने कहा कि सुरिंदर छिंदा हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि पोस्टर जारी करके हम उस दिवंगत दोस्त को याद कर रहे है जिनकी याद उन्हें चाहने वालों के दिलों में हमेशा बनी रहेगी।
बाबू सिंह मान ने कहा कि भले ही सुरिंदर छिंदा अब शारीरिक रूप से नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज हमेशा गूंजती रहेगी। आज हम एक गाने के जरिए उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दे रहे है।
‘किथे तूर गया यारा’ गाना लिखने वाले हरप्रीत सेखों ने कहा कि दिवंगत सुरिंदर छिंदा के साथ उनका बहुत करीबी रिश्ता था और उनके निधन के एक साल बाद ऐसा लगता है जैसे उन्होंने अपनी आवाज से सुरिंदर छिंदा को गाया है जट जिओना मौढ, पुत्त जट्टा दे और यार दा ट्रक बलिए जैसे लोकप्रिय गीत जो लोक गीत बन गए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सुरिंदर छिंदा को श्रद्धांजलि देते हुए पंजाब की अमर आवाज कहा था ।
तलविंदर सिंह नागरा ने बताया कि यह गाना 26 जुलाई को वाइटल रिकॉर्ड्स द्वारा रिलीज किया जा रहा है गाने का वीडियो बॉबी बाजवा ने बनाया है। इस मौके पर करतार सिंह, डा. सिमरजीत सिंह, प्रदीप सिंह, मक्खन सिंह, सरताज सिद्धू और विशाल पराशर भी मौजूद थे।
आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ने नवनिर्वाचित सांसद मनीष तिवारी से की शिष्टाचार मुलाकात
चंडीगढ़। इंडिया गठबंधन की ओर से चंडीगढ़ के नवनिर्वाचित सांसद मनीष तिवारी से आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राजिंदर हिंदुस्तानी के नेतृत्व में गिराई गई कॉलोनी नंबर 4 के लोगों ने शिष्टाचार मुलाकात की । इस दौरान कॉलोनी नंबर 4 के जिन लोगों को भाजपा सरकार ने बेघर किया था , उनको प्रशासन जल्द से जल्द मकान दे को लेकर सांसद को ज्ञापन दिया गया । इस पर सांसद मनीष तिवारी काफी सकारात्मक दिखे । उन्होंने जल्द ही डीसी और प्रशासन के अन्य अधिकारियों से मिलकर योग्य लोगों को मकान दिलाने का आश्वासन दिया।
लॉरिआल इंडिया और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन ने प्रोजेक्ट उड़ान लॉन्च किया
चंडीगढ़। लॉरिआल इंडिया ने प्रोजेक्ट उड़ान के लॉन्च की घोषणा की जो कि बद्दी, हिमाचल प्रदेश में एक सीएसआर अभियान है तथा इसके बद्दी प्लांट के आस-पास रहने वाले प्रवासी समुदायों के वंचित बच्चों की शिक्षा में सहयोग देता है।
हिमाचल प्रदेश के बद्दी में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर रहते हैं। इन प्रवासी मजदूरों के बच्चों को अपनी पढ़ाई की दिक्कतों को दूर करने और पढ़ाई जारी रखने के लिए औपचारिक स्कूल में दाखिला लेने के लिए अतिरिक्त सहायता की ज़रूरत होती है। प्रथम एजुकेशन फ़ाउंडेशन के सहयोग से लॉरिआल इंडिया का प्रोजेक्ट उड़ान स्कूल रेडीनेस और फ़ाउंडेशनल लर्निंग प्रोग्राम जैसे बहुआयामी प्रयासों से इन बच्चों की मदद करता है। यह अभियान अतिरिक्त जिला कलेक्टर, सोलन, हिमाचल प्रदेश अजय कुमार यादव, आईएएस की मौजूदगी में एक शिक्षा केंद्र के उद्घाटन के साथ शुरू हुआ, जो एक शैक्षिक संसाधन केंद्र के रूप में काम करेगा, जहां पढ़ाई के लिए अनेक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
यहां , प्री-स्कूल और आउट-ऑफ-स्कूल बच्चों को स्कूल-रेडी बनाने में मदद की जाएगी, तथा कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को फ़ाउंडेशनल लिटरेसी और न्यूमरेसी स्किल्स सिखाई जाएंगी। यहां बच्चों की माताओं को उनके अध्ययन में सक्रिय हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
लॉरिआल इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर, असीम कौशिक ने कहा कि “लॉरिआल उन समुदायों को अपना योगदान देने के लिए समर्पित है, जहाँ यह व्यवसाय करता है। भविष्य की पीढ़ियों को सशक्त बनाना हमारी इस प्रतिबद्धता का प्रमाण है। शिक्षा प्रगति और सशक्तिकरण का एक शक्तिशाली माध्यम है। लॉरिआल इंडिया के प्रोजेक्ट उड़ान का उद्देश्य वंचित बच्चों को औपचारिक शिक्षा में लाना है, ताकि वो अपनी पूरी क्षमता का विकास करके अपना भविष्य उज्जवल बना सकें। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की प्रतिबद्धता और विशेषज्ञता इस उद्देश्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रोजेक्ट उड़ान के अगले चरण में चाकन, महाराष्ट्र में हमारे प्लांट के पास एक और शिक्षा केंद्र खोला जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत लॉरिआल इंडिया हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र के 4000 बच्चों को सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है, और इसका उद्देश्य 2030 तक भारत में 30,000 बच्चों तक पहुंचाना है।


प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की सीईओ, डॉ. रुक्मिणी बनर्जी ने कहा कि हम लॉरिआल इंडिया के साथ अपनी साझेदारी और बद्दी एवं चाकन में एक नए प्रोजेक्ट शुरुआत को लेकर बहुत उत्साहित हैं। इस अभियान के अंतर्गत बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करने और स्कूल में पहले से पढ़ रहे बच्चों के कौशल को मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, ताकि उन्हें जीवन में सफल होने के लिए आधार मिल सके। प्रथम में, हम लोगों के जीवन में परिवर्तन लाने के लिए शिक्षा की शक्ति में यकीन रखते हैं। लॉरिआल इंडिया के साथ यह सहयोग इन क्षेत्रों के बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है!
लॉरिआल इंडिया का कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व अभियान तीन स्तंभों पर आधारित है: सशक्तिकरण, पर्यावरण और शिक्षा। भारत में शुरू किए गए विभिन्न प्रोजेक्ट्स वंचित समुदायों के उत्थान, महिला सशक्तिकरण और सस्टेनेबल विकास लाने पर केंद्रित हैं।
