चंडीगढ़ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने कहा कि पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की सरकार शिक्षा क्रांति के नाम पर पाखंड फैला रही है। आज यहां जारी एक बयान में खन्ना ने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए शिक्षा विभाग के शिक्षकों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को मजबूर कर रही है कि वे मंत्रियों की गतिविधियों को अपने सोशल मीडिया खातों पर साझा करें। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हो रहा है कि सरकार दीवारों की मरम्मत या शौचालयों के उद्घाटन जैसे कार्यों को भी बड़ी उपलब्धि बताकर प्रचारित कर रही है। खन्ना ने शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह से सवाल किया कि अगर वे वास्तव में जनकल्याण के कार्य कर रहे हैं, तो फिर वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को सोशल मीडिया पर प्रचार के लिए मजबूर क्यों कर रहे हैं। खन्ना ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब का खजाना अपने आक़ा अरविंद केजरीवाल के हितों की पूर्ति के लिए लुटा दिया है, जिसका जवाब जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में ज़रूर देगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली के असफल नेता अरविंद केजरीवाल को पंजाब का नायक बनाने का प्रयास कर रही है, जिसे पंजाब की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार भली-भांति जानती है कि उनके कार्यकाल में जनता की अपेक्षाएं पूरी नहीं हो सकीं, इसलिए अब यह सरकार सोशल मीडिया के ज़रिए लोगों को गुमराह करने की असफल कोशिश कर रही है।