चंडीगढ़ । बुडो काई डू मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया को यह बताते हुए अत्यंत दुख हो रहा है कि उसके अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एकमवीर सिंह का आज एक सड़क दुर्घटना में दुखद निधन हो गया।
यह हादसा बठिंडा-चंडीगढ़ हाईवे पर फगूवाला केनचिया के पास हुआ, जहां टायर फटने के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एकम पंजाब पुलिस के एक डीएसपी के पुत्र थे, जो वर्तमान में पटियाला में तैनात हैं।
एकमवीर सिंह आगामी 17 जुलाई को लंदन में होने वाली एक अंतरराष्ट्रीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले थे। यह उसके असाधारण कौशल और समर्पण का प्रमाण है।
फेडरेशन के अध्यक्ष शरणजीत सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, कि एक होनहार खिलाड़ी को इस तरह खो देना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। एकम मार्शल आर्ट्स की दुनिया का एक उभरता हुआ सितारा था। उनका जाना भारतीय खेल जगत, विशेषकर मार्शल आर्ट्स के लिए अपूरणीय क्षति है। एकम के कोच रविंदर पाल शर्मा ने भावुक होकर कहा कि एकम एक विश्व स्तरीय खिलाड़ी था, जिसने देश और फेडरेशन का नाम कई बार रोशन किया। उसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई स्वर्ण और रजत पदक जीते। उसका योगदान अविस्मरणीय है। इस दुख की घड़ी में हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं।